Homeझारखंडपेपर लीक मामले में पुलिस की छापेमारी, छह गिरफ्तार

पेपर लीक मामले में पुलिस की छापेमारी, छह गिरफ्तार

कोडरमा : झारखंड 10वीं बोर्ड परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले में कोडरमा पुलिस ने मंगलवार की सुबह 4 बजे गिरिडीह के न्यू बरगंडा में छापा मारा। वहां से छह छात्र गिरफ्तार किये गए हैं।

कोडरमा एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में हुई छापेमारी में कई मोबाइल फोन और भारी मात्रा में प्रश्न पत्र भी बरामद किए गए हैं। पेपर लीक से संबंधित साक्ष्य भी मिले हैं, वहीं गिरफ्तार किए गए लोगों में एक मास्टरमाइंड भी बताया जाता है। सभी गिरफ्तार छात्रों को लेकर पुलिस कोडरमा पहुंच रही है, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि पेपर लीक मामले में झारखंड एकेडमिक काउंसिल की ओर से आदेश जारी होने के बाद जिला प्रशासन जांच कर रही है। जांच टीम ने पेपर लीक मामले में 12 घंटे के अंदर दो लोगों को गिरफ्तार किया था। पेपर लीक मामले पर पुलिस विभाग ने अपने साइबर सेल को विशेष निर्देश देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जारी हर गतिविधियों निगरानी रखने के निर्देश दिए थे। इस बाबत मरकच्चो थाना में मामला दर्ज किया गया था और दो लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। इनमें प्रशांत कुमार साव और आशीष कुमार साव शामिल हैं। प्रशांत मरकच्चो प्रखंड के जामू में एक प्राइवेट स्कूल और कोचिंग सेंटर चलाता है। दोनों को पुलिस ने रिमांड पर लिया है और लगातार पूछताछ की जा रही है। देवघर के मधुपुर से भी प्रिंस नामक युवक को पकड़ा गया है जबकि जमुआ से एक पारा शिक्षक और कोचिंग चलाने वाले शिक्षक को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments