Homeझारखंडशिक्षा ही मजबूत झारखंड की नींव, हर बच्चे तक पहुंच सुनिश्चित कर...

शिक्षा ही मजबूत झारखंड की नींव, हर बच्चे तक पहुंच सुनिश्चित कर रही है सरकार : मुख्यमंत्री

रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन की 82 वीं जयंती राज्य के गरीब, मजदूरों और आदिवासियों के लिए काफी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि दिशोम गुरु भले ही हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके आदर्श हमेशा जीवंत रहेंगे।

हेमंत सोरेन दिशोम गुरु शिबू सोरेन की 82 वीं जयंती पर टाना भगत इनडोर स्टेडियम, खेलगांव में गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के क्रियान्वयन को लेकर आयोजित संवाद कार्यक्रम में बोल रहे थे।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से कहा कि आप एक कदम आगे बढ़ें, सरकार आपको 10 कदम आगे ले जाएगी। आपको अपनी मंजिल तक पहुंचाएंगे, यह हमारा वादा है, क्योंकि हम गुरुजी के सिपाही हैं।

मुख्यमंत्री के कहा कि झारखंड की धरती वीर – शहीदों की धरती रही है। इस धरती ने भगवान बिरसा मुंडा और सिदो- कान्हू जैसे अनेकों वीर – सपूतों को जन्म दिया, जिन्होंने देश की आजादी से लेकर जल जंगल जमीन की रक्षा और झारखंड अलग राज्य के आंदोलन में अपनी कुर्बानियां तक दे डाली। इन्हीं में एक दिशोम गुरु शिबू सोरेन शख्सियत थे। उन्होंने एक ओर झारखंड अलग राज्य के आंदोलन का नेतृत्व करते हुए धार दी तो दूसरी तरफ समाज सुधारक के रूप में महाजनी प्रथा जैसी कुरीतियों के खिलाफ बिगुल फूंका था। उनकी एक आवाज पर कोने-कोने से आदिवासी – मूलवासी सड़कों पर उतर आते थे। लोगों को उनका हक- अधिकार दिलाने और आने वाली पीढ़ी को शिक्षित करने के लिए उन्होंने अपना जीवन समर्पित कर दिया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य का हर बच्चा शिक्षित हो इसी लक्ष्य के साथ सरकार काम कर रही हैं। आज बच्चों का ज्ञानवर्धन करना बेहद जरूरी है। इसे लेकर ही हमारी सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में कई बड़े कदम उठाए हैं। गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, विदेश में उच्च शिक्षा के लिए शत प्रतिशत स्कॉलरशिप, सभी जिलों में बड़े पुस्तकालयों की स्थापना हुई है और उत्कृष्ट विद्यालय खोले गए हैं जहां गरीब बच्चे गुणवत्तायुक्त शिक्षा प्राप्त कर सकें। उन्होंने आगे कहा कि झारखंड देश का पहला ऐसा राज्य है जो गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के माध्यम से विद्यार्थियों को महज ०४ प्रतिशत सामान्य ब्याज पर 15 लाख रुपये तक का शिक्षा ऋण उपलब्ध करा रहा है। अन्य राज्यों में तो शिक्षा ऋण की राशि भी कम है और ब्याज दर भी ज्यादा है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे इस योजना का लाभ लें और दूसरों को भी इसके फायदे बताते हुए इस योजना से जोड़ने की पहल करें।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से कहा कि आपको हम सिर्फ सरकारी नौकरियों के भरोसे खड़ा नहीं करना चाहते हैं। हम आपको उस स्थिति में खड़ा करना चाहते हैं, जब आप देश- दुनिया में कोई भी प्रतिस्पर्धा हो, वहां अपने आप को अव्वल साबित कर सकें।

मुख्यमंत्री ने दी ये सौगातें

– गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के अंतर्गत आज 55 लाभार्थियों को लगभग 12 करोड रुपए का शिक्षा ऋण स्वीकृति पत्र दिया गया। उल्लेखनीय कि दो वर्ष पहले शुरू की गई इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत अब तक 2430 विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए इसका लाभ उपलब्ध कराया जा चुका है। यह राज्य सरकार की एक ऐसी गारंटेड योजना है, जिसके तहत महज 4 प्रतिशत सामान्य ब्याज की दर पर 15 लाख रुपये तक का शिक्षा लोन दिया जाता है।

– सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की उपयोगिता और सहभागिता बढ़ाने के लिए पब्लिक डैश– बोर्ड और एनआईटी, जमशेदपुर एआई आधारित चैट बोर्ड का मुख्यमंत्री ने शुभारंभ किया।

– सीएम फैलोशिप का एकेडमिक एक्सीलेंस योजना के तहत 23 रिसर्च स्कॉलर्स को 25- 25 हजार रुपए की स्कॉलरशिप राशि दी गई।

– मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर द ग्रास रूट इनोवेशन इंटर्नशिप स्कीम का भी शुभारंभ किया। दो महीने के इस इंटर्नशिप स्कीम के तहत स्नातक और स्नातकोत्तर के विद्यार्थियों को 17 हजार इंटर्नशिप के अवसर प्राप्त होंगे। उन्हें प्रोत्साहन स्टाइपेंड के रूप में 10 हजार रुपए भी दिए जाएंगे। इस योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में कार्य करने का अवसर प्राप्त होगा। इसमें चार-चार विद्यार्थियों की टीम बनाई जाएगी, जो राज्य के सभी 4345 पंचायत में जाकर स्थानीय नवाचार, पारंपरिक ज्ञान, लोक एवं हस्तकला समेत उन व्यक्तियों की पहचान करेगी, जो इसके संवाहक हैं।

– बोकारो के जिला रामरूद्र मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय परिसर में मास्टर सोबरेन मांझी जिला पुस्तकालय का उद्घाटन और मानव शास्त्र विशेषकर विश्वस्तर पर आदिवासी जनजीवन के अध्ययन पर केंद्रित गुरूजी रात्रि पाठशाला की भी मुख्यमंत्री ने शुरुआत की। पहले चरण में प्रतिदिन रात्रि 8 बजे तक यह पुस्तकालय संचालित रहेगा।

इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार, विधायक सुरेश कुमार बैठा, राज्य सभा सांसद महुआ माजी, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा, प्रधान सचिव राहुल कुमार पुरवा सहित बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं मौजूद थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments