जरा संभल के ; भड़काऊ पोस्ट डाली तो सीधे दर्ज होगा मुकदमा : एसएसपी

धनबाद। नगर निकाय चुनाव के तहत सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिया गया। चुनाव चिन्ह मिलते ही अब प्रत्याशियों का चुनाव प्रचार औपचारिक रूप से तेज़ हो गई है। इस बीच धनबाद पुलिस ने सुरक्षा को लेकर व्यापक तैयारी शुरू कर दी है।

वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार ने शनिवार को प्रत्याशियों से अपील की है कि वे चुनाव आचार संहिता का पूरी तरह पालन करें और किसी भी प्रकार के उकसावे, भड़काऊ भाषण, अफवाह या साम्प्रदायिक टिप्पणी न करें।

सभी प्रत्याशियों को यह भी निर्देश दिया गया है कि वे चुनावी सभा, जुलूस या रोड शो आयोजित करने से पहले प्रशासन से विधिवत अनुमति जरूर लें और निर्धारित रूट एवं समय का पालन करेंा। एसएसपी ने कहा कि बिना अनुमति जुलूस निकालने या नियमों का उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए धनबाद पुलिस ने सोशल मीडिया मॉनिटरिंग को भी तेज कर दिया है। एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि फेसबुक, व्हाट्सऐप, इंस्टाग्राम, एक्स (ट्विटर) सहित सभी प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष टीमों द्वारा 24 घंटे कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान अफवाह फैलाने, भड़काऊ पोस्ट करने, सांप्रदायिक तनाव पैदा करने, फर्जी वीडियो या एडिटेड फोटो प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आईटी एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी भी की जा सकती है।

एसएसपी ने सभी प्रत्याशियों और उनके समर्थकों को विशेष रूप से आगाह किया है कि वे सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करें। किसी भी विरोधी प्रत्याशी के खिलाफ आपत्तिजनक, झूठी या चरित्र हनन करने वाली सामग्री पोस्ट या फॉरवर्ड करने से बचें। चुनाव प्रचार के नाम पर समाज में नफरत फैलाने की कोशिश बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

एसएसपी ने आम लोगों से भी शांति बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नागरिकों का सहयोग ही शांतिपूर्ण चुनाव की सबसे बड़ी गारंटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *