कुआं में कूदकर किशोरी ने की खुदकुशी, बच्चा चोरी के आरोप से थी आहत

खूंटी। तोरपा थाना क्षेत्र के जापुत बांधटोली गांव में किशोरी गरिमा भेंगरा (16) ने कथित रूप से कुएं में कूदकर अपनी जान दे दी। गरिमा ने हाल ही में मैट्रिक की परीक्षा दी थी। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

परिजनों के अनुसार गरिमा पर गांव के ही एक बच्चे को चोरी करने का आरोप लगाया गया था, जिससे वह काफी आहत और मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी। बताया जाता है कि गांव के सानिका भेंगरा अपनी पत्नी से अलग रहते हैं और उनका एक बच्चा है, जो सानिका के पास ही रहता है।

बताया गया कि सानिका की पत्नी ने गरिमा से बच्चे को एक बार लाकर दिखाने की बात कही थी। इसी के बाद गरिमा बच्चे को उसकी मां से मिलवाने के लिए ले जा रही थी। इस दौरान बच्चे की दादी और सानिका भेंगरा ने उस पर बच्चा चोरी का आरोप लगा दिया।

जानकारी के मुताबिक इस मामले को लेकर गांव में बैठक भी हुई, जिसमें भी गरिमा पर बच्चे को चोरी करने का आरोप लगाया गया। परिजनों का कहना है कि इसके बाद से वह काफी दुखी और तनाव में रहने लगी थी।

शुक्रवार की रात खाना खाने के बाद गरिमा घर से निकली, लेकिन रात में वापस नहीं लौटी। शनिवार सुबह जब परिजनों और ग्रामीणों ने खोजबीन की तो उसका शव गांव के ही एक कुएं में मिला।

घटना की सूचना मिलने पर तोरपा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी मुकेश कुमार यादव सहित अन्य पुलिस पदाधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद परिजनों को सौंप दिया।

इस संबंध में थाना प्रभारी मुकेश कुमार यादव ने बताया कि परिजनों ने थाना में आवेदन दिया है और पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *