मेहरमा-महागामा में करोड़ों की योजनाओं का शिलान्यास, ग्रामीण विकास को मिली नई रफ्तार

महागामा/मेहरमा :दीपिका पांडेय सिंह ने रविवार को मेहरमा एवं महागामा प्रखंड में करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास कर क्षेत्रीय विकास को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया। इन योजनाओं से प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने के साथ ग्रामीणों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त होगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मेहरमा प्रखंड में प्रातः 10:00 बजे ब्लॉक परिसर में पार्क एवं पीसीसी सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। इस योजना की प्राक्कलित राशि 1.85 करोड़ रुपये है। इसके पश्चात 10:30 बजे ब्लॉक परिसर की चहारदीवारी निर्माण कार्य (प्राक्कलित राशि 1.57 करोड़ रुपये) की आधारशिला रखी गई। इन योजनाओं के पूरा होने से प्रशासनिक व्यवस्था सुदृढ़ होगी तथा आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

इसके बाद महागामा प्रखंड में कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत 11:00 बजे ग्राम पंचायत कुशमहारा में YHO पंचायत सशक्तिकरण ढांचा का उद्घाटन किया गया। इसे पंचायत स्तर पर सशक्त शासन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

दोपहर 12:00 बजे ग्राम पंचायत लट्ठी में उन्नत सरकारी उच्च विद्यालय की चहारदीवारी निर्माण कार्य (प्राक्कलित राशि 64 लाख रुपये) का शिलान्यास किया गया। इस कार्य से विद्यालय परिसर की सुरक्षा बढ़ेगी तथा विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा।

इसके उपरांत 01:00 बजे ग्राम पंचायत महादेवस्थान में नए पंचायत भवन निर्माण कार्य (प्राक्कलित राशि 99.89 लाख रुपये) की आधारशिला रखी गई। यह भवन स्थानीय प्रशासनिक गतिविधियों के संचालन में सहायक होने के साथ ग्रामीणों के लिए एक महत्वपूर्ण सेवा केंद्र के रूप में कार्य करेगा।

इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि विकास केवल योजनाओं की घोषणा से नहीं, बल्कि उनके धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन से साकार होता है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता गांव-गांव तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना और हर नागरिक को सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना है।

उन्होंने आगे कहा कि जल, सड़क, शिक्षा एवं प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करना ही ग्रामीण विकास का मूल आधार है और इसी लक्ष्य के साथ लगातार कार्य किया जा रहा है।

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। विकास योजनाओं को लेकर ग्रामीणों में उत्साह और विश्वास का माहौल देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *