पूर्वी सिंहभूम। चैती छठ पर्व को लेकर शहर में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने ट्रैफिक व्यवस्था में विशेष बदलाव किया है। रविवार को प्रशासन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार 24 मार्च को दोपहर 3:00 बजे से 25 मार्च की रात 11:00 बजे तक शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण रूप से रोक रहेगी। इस दौरान बसों को छोड़कर सभी प्रकार के बड़े वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लागू रहेगा।
प्रशासन ने यह निर्णय छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लिया है, ताकि वे बिना किसी परेशानी के नदी घाटों तक पहुंच सकें और शांतिपूर्ण तरीके से पूजा-अर्चना कर सकें। ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए शहर के प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई भी की जाएगी।
जिला प्रशासन ने आम लोगों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित ट्रैफिक नियमों का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, जिससे पर्व के दौरान किसी भी तरह की असुविधा या अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
