बेंगलुरु ; इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के उद्घाटन मुकाबले के लिए बेंगलुरु एम. चिन्नस्वामी स्टेडियम पूरी तरह तैयार है। पिछले वर्ष हुई भगदड़ से सबक लेते हुए इस बार किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस ने कड़े इंतजाम किए हैं। पुलिस आयुक्त सीमंत कुमार सिंह ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आज रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुकाबला होगा। मैच को देखते हुए स्टेडियम के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। बेंगलुरु सिटी पुलिस ने करीब 2,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया है। पश्चिमी जोन के संयुक्त पुलिस आयुक्त वंशीकृष्ण को सुरक्षा कमान सौंपी गई है। कुल सात विशेष दस्ता बनाए गए हैं। दोपहर से ही पुलिस जवान ड्यूटी संभाल लेंगे।
इस बार आईपीएल टूर्नामेंट दो महीने से अधिक समय तक चलेगा। 24 मई तक लीग चरण के मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि 31 मई को फाइनल मैच होगा। कुल 10 टीमें खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी और 65 दिनों में 74 मैच खेले जाएंगे।
पिछले साल की भगदड़ से सबक लेते हुए प्रशासन ने इस बार सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है और टूर्नामेंट को सुरक्षित रूप से आयोजित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। इसी बीच, पिछले वर्ष भगदड़ में जान गंवाने वाले आरसीबी प्रशंसकों की स्मृति में स्टेडियम में 11 सीटें खाली रखकर उन्हें श्रद्धांजलि देने का निर्णय लिया गया है। दर्शकों की सुविधा के लिए नम्मा मेट्रो की सेवाएं रात दो बजे तक उपलब्ध होंगी।
