कोलकाता। मंगलवार सुबह सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) चेकपोस्ट के पास बड़ी संख्या में अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को सामान के साथ जमा होते देखा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कई लोग ट्रॉली बैग, बर्तन और कंबल लेकर सीमा पार जाने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। प्लास्टिक बिछाकर समूहों में बैठे इन लोगों की नजर सीमा पार करने की प्रक्रिया शुरू होने पर टिकी रही। सोमवार को भी चेकपोस्ट के पास बनाए गए अस्थायी शिविर में करीब 100 बांग्लादेशी घुसपैठिए मौजूद थे, जबकि 30 से 40 अन्य लोग बाहर इंतजार कर रहे थे। हाल ही में प्रदेश की नई सरकार ने अवैध बांग्लादेशी और रोहिंग्या नागरिकों को उनके देश वापस भेजने के लिए विशेष ‘होल्डिंग सेंटर’ बनाने के निर्देश जारी किए हैं। सरकार ने जिलाधिकारियों को अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में होल्डिंग सेंटरों को बनाने और आगे की कार्रवाई जल्द से जल्द शुरू करने को कहा है। पिछले वर्ष अक्टूबर में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की घोषणा के बाद भी इसी तरह की स्थिति देखने को मिली थी। उस समय न्यूटाउन, दमदम और डानकुनी क्षेत्रों से कई अवैध बांग्लादेशी नागरिकों के हाकिमपुर सीमा के रास्ते बांग्लादेश लौटने की खबरें सामने आई थीं। पश्चिम बंगाल की शुभेंदु सरकार द्वारा ‘होल्डिंग सेंटर’ बनाने के निर्देश के बाद उत्तर 24 परगना जिले के हाकिमपुर सीमा क्षेत्र में हलचल बढ़ गई है।
