भागलपुर : रेलवे परिसरों और ट्रेनों में अपराध नियंत्रण तथा यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल को बड़ी सफलता मिली है। ऑपरेशन सतर्क के अंतर्गत वनांचल एक्सप्रेस से 58.95 लाख रुपये मूल्य के 174 संदिग्ध चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
विशेष सूचना पर चलाया गया जांच अभियान
रेलवे सुरक्षा बल मालदा मंडल ने मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन और सहायक सुरक्षा आयुक्त सह प्रभारी आरपीएफ बरुण कुमार बेहरा के पर्यवेक्षण में कार्रवाई की। विशेष सूचना के आधार पर आरपीएफ पोस्ट बरहरवा और सीपीडीएस टीम ने ट्रेन संख्या 13403 वनांचल एक्सप्रेस में संयुक्त जांच अभियान चलाया।
दो संदिग्धों से बरामद हुए 174 मोबाइल
जांच के दौरान सत्यापन के लिए दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया। दोनों पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कालियाचक क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। तलाशी के दौरान उनके सामान से विभिन्न कंपनियों के कुल 174 पुराने एवं प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद किए गए।
इनमें से एक व्यक्ति के पास से 85 और दूसरे के पास से 89 मोबाइल फोन मिले। बरामद मोबाइल फोनों का अनुमानित बाजार मूल्य 58 लाख 95 हजार 878 रुपये बताया गया है।
स्वामित्व के दस्तावेज नहीं दिखा सके आरोपी
पकड़े गए दोनों व्यक्ति मोबाइल फोनों के स्वामित्व से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। साथ ही मोबाइल अपने पास रखने को लेकर भी वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इसके बाद आरपीएफ ने गवाहों की मौजूदगी में सभी मोबाइल फोन विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिए।
जीआरपी को सौंपा गया मामला
आरपीएफ ने दोनों संदिग्धों को जब्त मोबाइल फोनों के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी बरहरवा को सौंप दिया है। मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद मोबाइल चोरी के हैं या किसी संगठित गिरोह से जुड़े हुए हैं।
