उत्तर बंगाल में भारी बारिश, दक्षिण बंगाल में आंधी-बारिश का अलर्ट

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में लगातार हो रही बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में पिछले कुछ दिनों से रुक-रुक कर बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि मौसम विभाग ने मंगलवार को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।

दक्षिण बंगाल में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान कोलकाता और आसपास के क्षेत्रों में आसमान बादलों से घिरा रहेगा। इस दौरान हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है। सोमवार सुबह 8:30 बजे से रात 8:30 बजे तक कोलकाता में 0.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक बादल छाए रहने और हल्की बारिश के कारण तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है, लेकिन हवा में नमी अधिक रहने से उमस बनी रहेगी। दक्षिण बंगाल के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ वर्षा की संभावना जताई गई है।

पूर्व और पश्चिम बर्धमान, नदिया, बीरभूम और मुर्शिदाबाद के कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। अन्य जिलों में भी 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाओं के साथ बारिश होने का अनुमान है।

उत्तर बंगाल में हालात गंभीर

उत्तर बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश का सिलसिला जारी है। विशेष रूप से डुआर्स और पहाड़ी क्षेत्रों में भारी से अति भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। लगातार बारिश के कारण कई सड़कों पर यातायात प्रभावित हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *