Homeझारखंडतेज रफ्तार कार की टक्कर से दो बाइक सवार चार युवक घायल

तेज रफ्तार कार की टक्कर से दो बाइक सवार चार युवक घायल

पूर्वी सिंहभूम। बोड़ाम थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी। हादसे में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना बोंटा पंचायत मंडप के समीप सातनाला मार्ग पर हुई। टक्कर मारने के बाद कार चालक वाहन समेत फरार हो गया।

ग्रामीणों ने टेंपो से पहुंचाया अस्पताल

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों पर सवार युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। एंबुलेंस नहीं मिलने पर स्थानीय लोगों ने घायलों को टेंपो से एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घायलों की पहचान चौरा गांव निवासी रवि महतो, मिर्जाडीह निवासी संजय लोहार, गोकुलनगर निवासी आकाश महतो (18) और डिमना निवासी विजय लोहार (16) के रूप में हुई है।

शादी और पर्व से लौट रहे थे युवक

जानकारी के अनुसार रवि महतो बोंटा गांव में आयोजित एक शादी समारोह से लौट रहे थे। वहीं संजय, आकाश और विजय पश्चिम बंगाल के गोकुलनगर से अंबुबाची पर्व में शामिल होकर घर वापस आ रहे थे। इसी दौरान सातनाला रोड पर अज्ञात कार ने दोनों बाइकों को अपनी चपेट में ले लिया।

फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में उन्होंने एमजीएम अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल भी जाना। पुलिस फरार कार चालक और वाहन की पहचान के लिए जांच में जुटी हुई है।

एंबुलेंस सेवा पर उठे सवाल

स्थानीय निवासी उमेश महतो ने बताया कि दुर्घटना के बाद 108 और 102 एंबुलेंस सेवाओं पर कई बार फोन किया गया, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया। समय पर एंबुलेंस नहीं मिलने के कारण ग्रामीणों को खुद व्यवस्था कर घायलों को अस्पताल पहुंचाना पड़ा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments