पलामू। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने कहा कि अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और कई आरोपितों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
दोषी मिले तो चंपत राय पर भी होगी कार्रवाई
दो दिवसीय पलामू दौरे के दौरान मेदिनीनगर स्थित परिसदन में आयोजित प्रेस वार्ता में आदित्य साहू ने कहा कि चाहे चंपत राय हों या राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़ा कोई अन्य व्यक्ति, यदि जांच में दोषी पाया जाता है तो उसे कानून के अनुसार सजा मिलेगी। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े चढ़ावे में किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता को सरकार कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।
एसआईटी कर रही जांच
उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। अब तक नामजद सभी आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है और मामले की जांच आगे भी जारी है।
झारखंड सरकार पर साधा निशाना
आदित्य साहू ने झारखंड की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य में नौकरशाही हावी है। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर को स्वयं पलामू के छतरपुर क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ आधी रात छापेमारी करनी पड़ी, जो प्रशासनिक व्यवस्था की स्थिति को दर्शाता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में हत्या, लूट और दुष्कर्म जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि झारखंड गठन के 26 वर्ष बाद भी राज्य गठन के मूल उद्देश्य पूरे नहीं हो सके हैं।
विनीत तिवारी हत्याकांड का उठाया मुद्दा
आदित्य साहू ने मेदिनीनगर के कारोबारी विनीत तिवारी हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि मुख्य आरोपित की अब तक गिरफ्तारी नहीं होना पुलिस की विफलता है। उन्होंने चैनपुर के मंटू सिंह के साथ पुलिस रिमांड के दौरान कथित मारपीट के मामले में भी संबंधित पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होने पर सवाल उठाया।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में आपराधिक तत्वों को राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है और इसके लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जिम्मेदार हैं।
