सुजीत सिन्हा की रिपोर्ट
रामगढ़। गोला स्थित चित्तरंजन सेवा सदन परिसर के अजितेश्वर धाम स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर के वार्षिकोत्सव के अवसर पर 7 से 13 जुलाई तक सात दिवसीय श्री 1008 श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की है।
07 जुलाई को निकलेगी कलश शोभायात्रा
आयोजन समिति की प्रमुख वंदना अंबष्ट ने बताया कि 7 जुलाई को सुबह 5 बजे भव्य कलश शोभायात्रा के साथ धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ होगा। इसके बाद प्रतिदिन वृंदावन धाम से पधारे कथावाचक आचार्य अजय कुमार शास्त्री श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगे। कथा के दौरान भगवान की आकर्षक एवं मनमोहक झांकियां भी प्रस्तुत की जाएंगी।
14 जुलाई को पूर्णाहुति और भव्य भंडारा
सात दिवसीय कथा के समापन के बाद 14 जुलाई को भगवान श्री सत्यनारायण कथा, यज्ञ की पूर्णाहुति, प्रसाद वितरण तथा दोपहर 2 बजे से भव्य भंडारे का आयोजन होगा। श्रद्धालु पूरे दिन धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेकर प्रसाद ग्रहण कर सकेंगे।
तैयारियां अंतिम चरण में
आयोजन स्थल अजितेश्वर धाम, चित्तरंजन सेवा सदन परिसर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। आयोजन समिति ने बताया कि इस धार्मिक आयोजन का उद्देश्य सनातन संस्कृति का संरक्षण, आध्यात्मिक चेतना का प्रसार और सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में वंदना अंबष्ट, चित्तरंजन सेवा सदन परिवार एवं मंदिर समिति की सक्रिय भूमिका रहेगी।
