गिरिडीह। गिरिडीह के शहरी क्षेत्र धरियाडीह में शुक्रवार को करीब 7 फीट लंबे भारतीय अजगर (इंडियन रॉक पायथन) के दिखाई देने से इलाके में हड़कंप मच गया। सांप को देखते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी फैल गई और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
सूचना मिलने पर सर्प मित्र रॉकी नवल मौके पर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले लोगों को अजगर से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी और भीड़ को हटाया। इसके बाद सावधानीपूर्वक अजगर का रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया गया।
दुर्लभ प्रजाति का है भारतीय अजगर
रॉकी नवल ने बताया कि पकड़ा गया अजगर लगभग 7 फीट लंबा और करीब 13 किलोग्राम वजनी था। भारतीय अजगर एक दुर्लभ प्रजाति का सांप है, जो विषैला नहीं होता, लेकिन अपनी ताकत के कारण छोटे जानवरों और छोटे बच्चों के लिए खतरा बन सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे सांप अब पहले की तुलना में कम दिखाई देते हैं।
घबराएं नहीं, तुरंत दें सूचना
अजगर मिलने के बाद स्थानीय लोगों में बच्चों और पालतू जानवरों की सुरक्षा को लेकर चिंता देखी गई। हालांकि रेस्क्यू अभियान सफल रहने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
सर्प मित्र ने लोगों से अपील की कि यदि कहीं अजगर या अन्य बड़ा सांप दिखाई दे तो उसे मारने या पकड़ने की कोशिश न करें। सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तुरंत वन विभाग या प्रशिक्षित सर्प रेस्क्यू टीम को सूचना दें, ताकि सुरक्षित तरीके से उसका रेस्क्यू किया जा सके।
गौरतलब है कि गिरिडीह कोलियरी और जंगल से सटे क्षेत्रों में पहले भी कई बार अजगर निकल चुके हैं। अधिकांश मामलों में उन्हें सुरक्षित पकड़कर प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया है।
