सीए फाउंडेशन परिणाम घोषित : रांची केंद्र से 81 अभ्यर्थी सफल

रांची। दी इंस्टिट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) ने मई 2026 में आयोजित सीए फाउंडेशन परीक्षा का परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिया। देशभर के 609 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में 1,06,411 अभ्यर्थी शामिल हुए, जिनमें 20.09 प्रतिशत सफल रहे।

अखिल भारतीय स्तर पर साक्षी जैन टॉपर

अखिल भारतीय स्तर पर नासिक की साक्षी जैन ने 400 में से 371 अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। चंद्रपुर के अयान अब्बास अजानी 367 अंकों के साथ दूसरे और पुणे के राधा उन्मेष मुलाय 365 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

रांची केंद्र में ईशा पोद्दार रहीं प्रथम

रांची परीक्षा केंद्र से 548 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें 81 सफल हुए। ईशा पोद्दार ने 368 अंक हासिल कर रांची केंद्र में पहला स्थान प्राप्त किया। अनुष्का केशरी 266 अंकों के साथ दूसरे और सूरज अग्रवाल 260 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

रांची शाखा के अध्यक्ष सीए अनीश जैन, उपाध्यक्ष सीए विवेक खोवाल, सचिव सीए दिलीप कुमार, कोषाध्यक्ष सीए हरेन्दर भारती तथा कार्यकारिणी सदस्य सीए अभिषेक केडिया, सीए भुवनेश ठाकुर और सीए निशांत मोदी ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और आगामी सीए इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों के परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है तथा रांची शाखा के लिए भी गर्व का विषय है।

आईसीएआई के प्रेसिडेंट सीए प्रसन्ना कुमार डी ने भी सभी सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने की गौरवपूर्ण यात्रा का पहला महत्वपूर्ण पड़ाव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *