हिमांशु हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग, पुलिस की भूमिका पर उठाए सवाल

जमशेदपुर। करणी सेना के युवा नेता हिमांशु सिंह हत्याकांड को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग की है। शनिवार को आदित्यपुर पहुंचकर उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात की और न्याय दिलाने का भरोसा दिया।

मीडिया से बातचीत में आदित्य साहू ने कहा कि यह घटना राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि वारदात के समय पुलिस मौके पर मौजूद होने के बावजूद अपराधियों को रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उनके अनुसार यदि पुलिस समय पर हस्तक्षेप करती या आवश्यक बल प्रयोग करती तो घटना की गंभीरता कम हो सकती थी।

पुलिस की भूमिका की निष्पक्ष जांच की मांग

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि घटना के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों की भूमिका की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि यदि जांच में किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

बार के लाइसेंस पर भी उठाए सवाल

आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि प्रशासन घटना के मूल मुद्दे से ध्यान हटाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की कानूनी टीम द्वारा संबंधित बार के दस्तावेजों की जांच में लाइसेंस संबंधी अनियमितताओं की जानकारी मिली है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि बार अवैध रूप से संचालित हो रहा था तो प्रशासन ने पहले कार्रवाई क्यों नहीं की।

उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना होना चाहिए।

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

आदित्य साहू ने चेतावनी दी कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई और दोषियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो भाजपा जमशेदपुर के बाद पूरे झारखंड में आंदोलन तेज करेगी।

इस दौरान पूर्व मंत्री भानु प्रताप शाही, पूर्व मंत्री अमर कुमार बाउरी सहित भाजपा के जमशेदपुर महानगर और सरायकेला-खरसावां जिले के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। भानु प्रताप शाही ने घटना को सुनियोजित हत्या बताते हुए स्वतंत्र जांच की मांग की, जबकि अमर कुमार बाउरी ने कथित लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *