नई दिल्ली/बहादुरगढ़। हरियाणा के बहादुरगढ़ में रविवार सुबह दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और हरियाणा एसटीएफ के संयुक्त अभियान में लॉरेंस बिश्नोई-हरिराम उर्फ हैरी बॉक्सर-अनिल पंडित गिरोह के दो इनामी शूटर मुठभेड़ में मारे गए। दोनों की पहचान प्रवेश और हिमांशु के रूप में हुई है। दोनों हांसी के चर्चित जिम संचालक कपिल हत्याकांड के आरोपित थे और उन पर हरियाणा पुलिस ने एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। मुठभेड़ में दिल्ली पुलिस का एक सिपाही भी घायल हो गया।
संयुक्त अभियान में हुई मुठभेड़
हरियाणा एसटीएफ के एसपी विक्रांत भूषण ने बताया कि हांसी में पिछले महीने जिम संचालक कपिल की हत्या के बाद जांच में प्रवेश और हिमांशु की संलिप्तता सामने आई थी। इसी बीच दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट को दोनों के हरियाणा में मौजूद होने की सूचना मिली। इसके आधार पर दिल्ली पुलिस और हरियाणा एसटीएफ ने संयुक्त अभियान चलाकर इलाके की घेराबंदी की।
पुलिस के अनुसार, जब टीम दोनों आरोपितों को पकड़ने पहुंची तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें दोनों शूटर घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
एक सिपाही घायल, मामला दर्ज
मुठभेड़ के दौरान दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट के सिपाही अंकित के पैर में गोली लगी। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है और उनका उपचार जारी है। एसपी विक्रांत भूषण ने बताया कि चार अन्य पुलिस अधिकारियों की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोलियां लगीं, जिससे उनकी जान बच गई।
घटना के बाद हरियाणा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों, फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला और क्राइम टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। बहादुरगढ़ सदर थाने में पुलिस पर हमला, हत्या के प्रयास और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
