मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में जिला परिषद मार्केट में एक युवक के साथ भीड़ द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक व उसके साथ मौजूद युवती को सुरक्षित निकालकर थाने ले गई। मामले की जांच जारी है।
मार्केट में युवक-युवती को घेरकर किया हंगामा
जानकारी के अनुसार, युवक और युवती एक जलपान की दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने दोनों से पूछताछ शुरू कर दी। आरोप है कि युवक ने पहले अपना नाम आशु शर्मा बताया, लेकिन बाद में उसकी पहचान को लेकर विवाद खड़ा हो गया। इसके बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई और युवक के साथ मारपीट की गई। वायरल वीडियो में युवती युवक को भीड़ से बचाने की कोशिश करती नजर आ रही है।
पुलिस ने दोनों को सुरक्षित थाने पहुंचाया
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों को भीड़ से सुरक्षित निकालकर सिविल लाइन थाने पहुंचाया। युवक का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है और दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे विभिन्न दावों की भी जांच की जा रही है।
शामली के रहने वाले बताए जा रहे हैं दोनों
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक युवक मुस्लिम समुदाय और युवती हिंदू समुदाय से बताई जा रही है। दोनों शामली जिले के थानाभवन क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस ने अभी तक उनकी पहचान या धर्म संबंधी दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
तहरीर के आधार पर होगी कार्रवाई
एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित थाने लाया गया। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों से तहरीर मिलने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
बजरंग दल कार्यकर्ता ने मारपीट से किया इनकार
घटना के दौरान मौजूद रहे और स्वयं को बजरंग दल का कार्यकर्ता बताने वाले प्रशांत ने मारपीट के आरोपों से इनकार किया। उनका कहना है कि उन्हें युवक के व्यवहार पर संदेह हुआ था, इसलिए उससे पूछताछ की गई। उन्होंने दावा किया कि पुलिस को सूचना भी उनकी ओर से ही दी गई थी और पूरे मामले की जांच अब पुलिस कर रही है।
