नई दिल्ली। वियतनाम में हुए दर्दनाक नाव हादसे में जान गंवाने वाले 15 भारतीय नागरिकों के शवों को भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। भारतीय दूतावास और स्थानीय प्रशासन आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर शवों को जल्द भारत भेजने की तैयारी में जुटे हैं।
हो ची मिन्ह सिटी ले जाए जा रहे शव
विदेश मंत्रालय के अनुसार, सभी शवों को वियतनाम के हो ची मिन्ह सिटी ले जाया जा रहा है। वहां पहचान, दस्तावेजी प्रक्रिया और अन्य औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उन्हें भारत भेजा जाएगा। भारतीय दूतावास और भारतीय वाणिज्य दूतावास स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए हैं।
घायल भारतीयों की घर वापसी शुरू
हादसे में घायल 15 भारतीयों का उपचार पूरा होने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और उनकी भारत वापसी शुरू हो गई है। गंभीर रूप से घायल दो भारतीयों में से एक को भी अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है और वह भारत लौट रहा है। जबकि दूसरा घायल अभी फु क्वोक के एक अस्पताल में उपचाराधीन है।
पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता
भारतीय अधिकारियों ने बताया कि वियतनामी प्रशासन के सहयोग से राहत और सहायता कार्य तेजी से जारी हैं। पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि शवों को जल्द से जल्द उनके परिजनों तक पहुंचाया जा सके।
शनिवार को हुआ था दर्दनाक हादसा
शनिवार को वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास पर्यटकों को लेकर जा रही एक नाव दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस हादसे में 15 भारतीय नागरिकों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए थे।
