Homeखेलजापान ओपन: पीवी सिंधु ने विश्व नंबर-5 हान यूए को हराकर क्वार्टर...

जापान ओपन: पीवी सिंधु ने विश्व नंबर-5 हान यूए को हराकर क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह

टोक्यो। भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी और दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने जापान ओपन सुपर 750 बैडमिंटन प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। सिंधु ने दूसरे दौर में चीन की विश्व नंबर-5 खिलाड़ी हान यूए को सीधे गेम में 21-16, 21-14 से हराया।

35 मिनट में दर्ज की शानदार जीत

विश्व नंबर-10 सिंधु ने यह मुकाबला केवल 35 मिनट में अपने नाम किया। पहले गेम में शुरुआती संघर्ष के बाद उन्होंने शानदार वापसी करते हुए मैच पर नियंत्रण बना लिया। दूसरे गेम में सिंधु ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और 8-0 की बढ़त बनाकर मुकाबला एकतरफा कर दिया।

अब ओकुहारा से होगी भिड़ंत

क्वार्टर फाइनल में सिंधु का सामना जापान की अनुभवी खिलाड़ी नोजोमी ओकुहारा से होगा। ओकुहारा को दूसरे दौर में दक्षिण कोरिया की शीर्ष वरीय खिलाड़ी आन से-यंग के नाम वापस लेने के कारण वॉकओवर मिला।

तनिषा-ध्रुव की चुनौती समाप्त

मिश्रित युगल में भारत की तनिषा क्रास्टो और ध्रुव कपिला की जोड़ी प्री-क्वार्टर फाइनल में हारकर बाहर हो गई। भारतीय जोड़ी को चीन की शीर्ष वरीय फेंग यान झे और हुआंग डोंग पिंग की जोड़ी ने 22-20, 21-17 से हराया। 47 मिनट तक चले मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने कड़ा संघर्ष किया, लेकिन जीत हासिल नहीं कर सके।

अब जापान ओपन में भारत की उम्मीदें केवल पीवी सिंधु पर टिकी हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments