न्यूयॉर्क। फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल से पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी, पुर्तगाल के दिग्गज क्रिस्टियानो रोनाल्डो और इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि महान खिलाड़ी ऐसी विशेष प्रतिभा लेकर जन्म लेते हैं, जो उन्हें दूसरों से अलग बनाती है।
न्यूयॉर्क में आयोजित एक कार्यक्रम में ट्रंप ने रविवार को होने वाले अर्जेंटीना और स्पेन के विश्व कप फाइनल का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने सेमीफाइनल में मेसी का शानदार पास देखा, जिसने मुकाबले का रुख बदल दिया। उन्होंने कहा कि मेसी कड़ी निगरानी के बावजूद बेहद सटीक पास देने में सफल रहे और यही महान खिलाड़ियों की पहचान है।
रोनाल्डो को बताया बेहतरीन इंसान
ट्रंप ने कहा कि महान खिलाड़ी लगातार असाधारण प्रदर्शन करते हैं। उन्होंने क्रिस्टियानो रोनाल्डो की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि वह वर्षों से उन्हें जानते हैं और रोनाल्डो एक बेहतरीन इंसान होने के साथ महान फुटबॉलर भी हैं।
हैरी केन को रक्षात्मक भूमिका देने पर जताई नाराजगी
ट्रंप ने इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि केन शानदार खिलाड़ी हैं और उनके साथ गोल्फ खेलने का भी अवसर मिला है। ट्रंप के अनुसार, अर्जेंटीना के खिलाफ सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने बढ़त मिलने के बाद केन को अधिक रक्षात्मक भूमिका देकर रणनीतिक गलती की, जिससे टीम पर दबाव बढ़ा और अंततः उसे हार का सामना करना पड़ा।
फाइनल में मेसी और यामाल पर रहेंगी निगाहें
विश्व कप 2026 के फाइनल में गत चैंपियन अर्जेंटीना का मुकाबला यूरोपीय चैंपियन स्पेन से होगा। इस मैच में अनुभवी लियोनेल मेसी और स्पेन के युवा स्टार लामिन यामाल पर विशेष नजर रहेगी।
स्पेन ने सेमीफाइनल में फ्रांस को 2-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई, जबकि अर्जेंटीना ने इंग्लैंड को 2-1 से हराकर लगातार दूसरी बार विश्व कप फाइनल में प्रवेश किया। मेसी शानदार फॉर्म में हैं और गोल्डन बूट की दौड़ में भी शीर्ष दावेदार बने हुए हैं।


