बारामती। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार ने पार्टी के दोनों गुटों के विलय और एनडीए में शामिल होने की अटकलों पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल इस विषय पर चर्चा करने का कोई कारण नहीं है।
हाल के दिनों में महाराष्ट्र की राजनीति में एनसीपी के दोनों गुटों के संभावित विलय और उसके बाद एनडीए में शामिल होने की चर्चाएं तेज हैं। इन अटकलों के बीच शरद पवार ने किसी भी तरह की राजनीतिक अटकल पर टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि अभी इस पर बात करने का कोई विषय नहीं है।
सुप्रिया सुले ने भी किया खंडन
पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने भी एनडीए के साथ किसी भी तरह के गठबंधन, विलय या पर्दे के पीछे चल रही बातचीत की खबरों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने इस संबंध में कोई आधिकारिक बातचीत नहीं की है।
सुप्रिया सुले ने कहा कि परिसीमन से जुड़े किसी भी प्रस्ताव पर पार्टी का रुख आंतरिक चर्चा और विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के सहयोगी दलों से विचार-विमर्श के बाद ही तय किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक केंद्र सरकार संसद में संबंधित विधेयक पेश नहीं करती, तब तक किसी भी प्रस्ताव पर टिप्पणी करना जल्दबाजी होगी।
बैठक के बाद तेज हुई थीं अटकलें
हाल ही में एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के नेता जयंत पाटिल, एनसीपी के प्रफुल्ल पटेल, सुनील तटकरे और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बीच हुई बैठक के बाद राजनीतिक चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया था। हालांकि, एनसीपी (शरदचंद्र पवार) ने स्पष्ट किया कि यह बैठक केवल प्रशासनिक विषयों से संबंधित थी और इसका किसी राजनीतिक गठबंधन या विलय से कोई संबंध नहीं है।


