रिपोट । शेख अशरफ अली
मुरी। मुरी रेलवे स्टेशन परिसर में शनिवार को अग्नि सुरक्षा जागरूकता सह प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। अग्निशमन केंद्र डोरंडा, रांची के सहायक अग्निशमन पदाधिकारी प्रदीप कंगारी और रमेश तिवारी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों को आग से बचाव एवं आपात स्थिति से निपटने की जानकारी दी गई।
अग्निशमन उपकरणों के संचालन का दिया प्रशिक्षण
कार्यक्रम में रेलवे सुरक्षा बल, राजकीय रेल थाना, वाणिज्यिक, यांत्रिक, अभियांत्रिकी, संचालन और लोको विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।
इस दौरान आग के विभिन्न प्रकारों, विद्युत संबंधी ज्वलनशील पदार्थों से होने वाले खतरे और आग लगने की स्थिति में बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। अग्निशमन कर्मियों ने आग बुझाने वाले उपकरणों के सही उपयोग का प्रत्यक्ष प्रदर्शन कर कर्मचारियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया।
आपात स्थिति में समन्वय पर दिया जोर
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को अलार्म बजाने, संबंधित अधिकारियों को तत्काल सूचना देने, यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने और आपात परिस्थितियों में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के तरीकों के बारे में बताया गया।
अधिकारियों ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम रेलवे परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और किसी भी आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


