गाजियाबाद। गाजियाबाद के निवाड़ी थाना क्षेत्र में चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग पर मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में हरिद्वार जा रहे तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पुलिस ने ट्रक चालक और परिचालक को गिरफ्तार कर लिया है।
नई बोलेरो की पूजा कराने हरिद्वार जा रहे थे श्रद्धालु
सहायक पुलिस आयुक्त (मोदीनगर) भास्कर वर्मा ने बताया कि दुर्घटना रात करीब 12:40 बजे हुई। हादसे में मारे गए श्रद्धालुओं की पहचान राजस्थान के अलवर जिले के कलगांव निवासी रमेश, रतन और सरजीत के रूप में हुई है। सभी श्रद्धालु हाल ही में खरीदी गई नई बोलेरो पिकअप की पूजा कराने और गंगा स्नान के लिए हरिद्वार जा रहे थे।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में ट्रक और बोलेरो दोनों की तेज रफ्तार हादसे का मुख्य कारण सामने आई है। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घायल पांच लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
कांवड़ मार्ग पर हुआ हादसा
यह दुर्घटना चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग पर हुई, जो गाजियाबाद से मेरठ, मुजफ्फरनगर होते हुए हरिद्वार तक जाने वाला प्रमुख कांवड़ मार्ग है। उल्लेखनीय है कि 29 जुलाई की सुबह से इस मार्ग पर भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन लागू होना था, लेकिन उससे पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया।


