कोलकाता। नैहाटी से तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक सनत दे को पुलिस ने शनिवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उन्हें उत्तर 24 परगना जिले के दत्तपुकुर इलाके से पकड़ा और पूछताछ के लिए नैहाटी थाने ले आई। सनत दे के खिलाफ वसूली, मारपीट और 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा से जुड़े कई आरोप हैं। पुलिस शनिवार को उन्हें बैरकपुर अदालत में पेश करेगी।
2021 चुनाव बाद हिंसा समेत कई मामलों में नाम
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सनत दे के खिलाफ वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा और मारपीट के कई मामले दर्ज हैं। इसके अलावा इलाके में उनके निर्देश पर वसूली किए जाने के आरोप भी सामने आए हैं। नैहाटी में भाजपा और तृणमूल कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प की कुछ घटनाओं में भी उनका नाम सामने आया था। इन्हीं मामलों की जांच के क्रम में पुलिस ने उनके खिलाफ कार्रवाई की है।
कुछ दिन पहले पुलिस ने सनत दे के घर पर भी तलाशी अभियान चलाया था। हालांकि, उस समय वह घर पर नहीं मिले थे। इसके बाद पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। शनिवार तड़के जांच अधिकारियों को सूचना मिली कि वह दत्तपुकुर इलाके में मौजूद हैं। इसके बाद पुलिस ने वहां छापा मारकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी की खबर मिलते ही थाने पहुंचे भाजपा कार्यकर्ता
गिरफ्तारी के बाद पुलिस सनत दे को नैहाटी थाने ले आई। उनके थाने पहुंचने की खबर मिलते ही भाजपा के कई कार्यकर्ता और समर्थक वहां पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सनत दे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सजा की मांग की।
भाजपा के बैरकपुर संगठनात्मक जिले के किसान मोर्चा के उपाध्यक्ष देबार्क घोष ने नैहाटी थाने के बाहर आरोप लगाया कि सनत दे के कार्यकाल में इलाके में भाजपा कार्यकर्ताओं पर अत्याचार और चुनाव बाद हिंसा की कई घटनाएं हुई थीं। उन्होंने दावा किया कि कई भाजपा कार्यकर्ताओं को अपना घर छोड़कर बाहर जाना पड़ा था और उनके खिलाफ झूठे मामले भी दर्ज किए गए थे।
फिलहाल पुलिस सनत दे से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस की कार्रवाई के बाद अब उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया तय होगी।


