मुंबई। भोजपुरी अभिनेत्री काजल राघवानी ने रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ में अभिनेता पवन सिंह को लेकर एक चौंकाने वाला दावा किया है। उन्होंने कहा कि एक फिल्म की शूटिंग के दौरान जब उन्होंने चुंबन और अंतरंग सीन करने से इनकार किया, तो पवन सिंह सेट छोड़कर चले गए थे।
काजल राघवानी के अनुसार, यह घटना फिल्म ‘कैसे हो जाला प्यार’ की शूटिंग के दौरान हुई थी। उन्होंने कहा कि जिस सीन की शूटिंग कराई जा रही थी, उसका पहले कहानी या चर्चा में कोई उल्लेख नहीं था। जब सेट पर अचानक चुंबन सीन की बात हुई, तो उन्होंने साफ मना कर दिया।
‘महिला की सहमति जरूरी है’
काजल ने कहा कि किसी भी अभिनेत्री पर अंतरंग सीन के लिए दबाव नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिला कलाकार की सुविधा और सहमति का सम्मान होना चाहिए और केवल स्टार होने के कारण किसी पर ऐसा सीन करने का दबाव नहीं डाला जा सकता।
उन्होंने यह भी दावा किया कि उस घटना के बाद उन्होंने फिर कभी पवन सिंह के साथ काम नहीं किया। काजल ने कहा कि उन्होंने हमेशा इंडस्ट्री के लोगों का सम्मान किया, लेकिन हर कोई सम्मान के योग्य नहीं होता।
आम्रपाली दुबे पर भी लगाया आरोप
शो में काजल राघवानी ने अभिनेत्री आम्रपाली दुबे पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ के कारण उन्हें एक फिल्म से हटवाया गया था और यह बात उन्हें आज भी बुरी लगती है।
फिलहाल, काजल राघवानी के इन दावों पर पवन सिंह या आम्रपाली दुबे की ओर से कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


