लागोस। अंडर-23 राष्ट्रमंडल तलवारबाजी चैंपियनशिप में भारतीय दल ने पहले ही दिन शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 17 पदक अपने नाम किए। भारत ने पुरुष और महिला व्यक्तिगत स्पर्धाओं में चार स्वर्ण, चार रजत और नौ कांस्य पदक जीतकर अंतरराष्ट्रीय तलवारबाजी मंच पर अपना अब तक का सबसे प्रभावशाली प्रदर्शन किया। यह प्रतियोगिता 9 अगस्त से शुरु हुई है और 14 अगस्त तक चलेगी।
भारतीय खिलाड़ियों ने सभी वर्गों में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई। सैबर, फॉयल और एपी की छह व्यक्तिगत स्पर्धाओं में से प्रत्येक में कम से कम एक भारतीय तलवारबाज ने पदक हासिल किया।
पुरुष सैबर में भारतीय खिलाड़ियों ने पोडियम पर पूरी तरह कब्जा कर लिया। निखिल वाघ ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि लक्ष्य बादसर ने रजत पदक हासिल किया।
अश्विनी आर्य और लाइशराम मोरांबा ने कांस्य पदक जीतकर भारत का शानदार क्लीन स्वीप पूरा किया। पुरुष फॉयल में तेजस पाटिल ने रजत और हेमाश सनासम ने कांस्य पदक जीता। इस स्पर्धा में इंग्लैंड के ओलिवर ने स्वर्ण पदक हासिल किया।
पुरुष एपी में लोकेश वेमानी ने रजत पदक जीता, जबकि शौर्य अश्विनी और गॉडविन अनबकेस ने कांस्य पदक अपने नाम किए। नाइजीरिया के थॉम्पसन ने स्वर्ण पदक हासिल किया।
महिला वर्ग में भी भारतीय खिलाड़ियों का जलवा
महिला वर्ग में भी भारतीय तलवारबाजों का दबदबा कायम रहा। महिला फॉयल में जॉयस अशिता ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि उनकी भारतीय साथी कनागलक्ष्मी ने रजत पदक हासिल किया।
महिला एपी में प्राची लोहान ने स्वर्ण पदक जीता। निवेद्या नायर और अनुप्रिया ने कांस्य पदक अपने नाम किए।
महिला सैबर में जेफरलिन ने स्वर्ण और आखारी ने रजत पदक जीता, जबकि श्रेया गुप्ता ने कांस्य पदक हासिल किया।
भविष्य के लिए मजबूत आधार
भारतीय तलवारबाजी संघ के महासचिव राजीव मेहता ने भारतीय दल के शानदार प्रदर्शन पर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, सहयोगी स्टाफ और परिवारों को बधाई दी।
उन्होंने एक बयान में कहा, “मैं सभी पदक विजेताओं, कोचों, सहयोगी स्टाफ और परिवारों को हार्दिक बधाई देता हूं। भारत के इस शानदार प्रदर्शन में उनकी निरंतर मेहनत और योगदान महत्वपूर्ण है। हमारा उद्देश्य युवा भारतीय तलवारबाजों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने के अधिक अवसर देना और उन्हें सीनियर सर्किट तथा प्रमुख चैंपियनशिप के लिए तैयार करना है। ये उपलब्धियां भविष्य के लिए एक मजबूत और अधिक प्रतिस्पर्धी टीम तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।”
भारतीय तलवारबाजी संघ ने युवा प्रतिभाओं को लगातार प्रोत्साहित करने और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अधिक अवसर उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई। इस प्रदर्शन के साथ भारतीय तलवारबाजी ने वैश्विक स्तर पर एक मजबूत और प्रभावशाली टीम के रूप में अपनी दावेदारी और मजबूत की है।


