चित्तौड़गढ़। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को राजस्थान के निंबाहेड़ा में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 21 फीट ऊंची अष्टधातु प्रतिमा का अनावरण किया। इसके बाद आयोजित जनसभा में उन्होंने कांग्रेस पर वंदे मातरम के अपमान का आरोप लगाते हुए कहा कि वोट बैंक की राजनीति के कारण कांग्रेस ने इस राष्ट्रगीत को भुला दिया था। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम के 150वें वर्ष में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से इसके सम्मान को फिर से स्थापित करने का काम किया है।
शाह ने कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम के गायन से जुड़ी घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि गीत के दौरान कांग्रेस की नेत्री सोनिया गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष से इसे रोकने के लिए कहा था। उन्होंने कहा कि देश की 140 करोड़ जनता ने यह सब देखा है। वंदे मातरम का अपमान देश स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने कांग्रेस से बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय की अमर आत्मा और देश की जनता से माफी मांगने की मांग की।
महाराणा प्रताप की भूमि को बताया देशभक्तों के लिए तीर्थ
अमित शाह ने महाराणा प्रताप को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि मेवाड़ की वीर भूमि देशभक्तों के लिए काशी से कम नहीं है। उन्होंने महाराणा प्रताप, वीर पूंजा भील और सेठ भामाशाह की राष्ट्रभक्ति और स्वराज के प्रति समर्पण को याद किया। शाह ने कहा कि इन महान विभूतियों ने मुगलों के विजय अभियान को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
राजस्थान के जल संकट का जिक्र करते हुए गृह मंत्री ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि तीन समझौतों के माध्यम से आधे राजस्थान की प्यास बुझाने की दिशा में काम किया गया है। शाह के अनुसार, पहले राज्य में सिर्फ 11 लाख घरों तक नल से पानी पहुंचता था, जबकि जल जीवन मिशन के तहत आठ वर्षों में 64 लाख घरों तक नल से जल पहुंचाया गया है।
अटलजी के योगदान को किया याद
अमित शाह ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का पूरा जीवन राष्ट्र प्रथम की भावना को समर्पित रहा। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी राष्ट्रभक्ति के सिद्धांत से समझौता नहीं किया। प्रधानमंत्री रहते हुए वाजपेयी ने विश्व दबाव के बावजूद पोखरण में परमाणु परीक्षण कराया। गांवों को सड़कों से जोड़ने और राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार के लिए भी कई महत्वपूर्ण योजनाएं शुरू की गईं। उन्होंने कहा कि अटलजी ने जनजातीय विकास मंत्रालय के गठन का भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया। इसी दिशा में आगे बढ़ते हुए आज आदिवासी समाज की बेटी द्रौपदी मुर्मू देश की राष्ट्रपति हैं।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी महान नेता थे। उनके नेतृत्व में परमाणु परीक्षण और कारगिल युद्ध में जीत ने दुनिया में भारत की ताकत का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे कदमों से भारत को सशक्त राष्ट्र के रूप में स्थापित किया है।
भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस 25 दिसंबर को सुशासन दिवस घोषित किया। उन्होंने अमित शाह के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि धारा 370 हटाने, नक्सलवाद के खिलाफ अभियान और तीन नए आपराधिक कानून लागू करने में शाह की भूमिका महत्वपूर्ण रही है।
15 जिलों में 5,659 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास
कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मौजूदगी में चित्तौड़गढ़ समेत राजस्थान के 15 जिलों में 5,659 करोड़ रुपये की लागत वाले 944 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। साथ ही 1,500 गांवों को जल जीवन मिशन के तहत नल से जल सुविधा की सौगात दी गई। इससे पहले उन्होंने सहकारिता विभाग और जिला प्रशासन की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
निंबाहेड़ा के जेके सर्किल स्थित मिनी अटल स्मारक में स्थापित वाजपेयी की प्रतिमा करीब चार हजार किलोग्राम अष्टधातु से तैयार की गई है। इसे आठ फीट ऊंचे मंच पर स्थापित किया गया है। प्रतिमा जयपुर के कारीगरों ने बनाई है। स्मारक में दो अन्य मंच भी हैं। इनमें एक पर वाजपेयी के कार्यकाल में हुए पोखरण परमाणु परीक्षण की झलक दिखाई गई है, जबकि दूसरे पर उनके अलग-अलग अंदाज में भाषण देने के दृश्य प्रदर्शित किए गए हैं।
समारोह में उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा समेत कई मंत्री, सांसद, विधायक, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।



