मुंबई। महाराष्ट्र के कोलाबा स्थित नेवी नगर में स्वतंत्रता दिवस के दिन भारतीय नौसेना के एक नाविक, उसकी पत्नी और दो छोटे बच्चों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृत बच्चों की उम्र दो महीने और तीन साल बताई गई है। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
नाविक की आत्महत्या की आशंका, बच्चों की मौत पर जांच जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शनिवार को नेवी नगर स्थित नौसैनिक आवास से चारों के शव बरामद किए गए। शुरुआती जांच में नाविक के आत्महत्या करने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि उसकी पत्नी और दोनों बच्चों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
पुलिस को प्रथम दृष्टया आशंका है कि बच्चों को जहर दिए जाने के बाद उनकी मौत हुई हो सकती है। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही चल सकेगा।
घटनास्थल से पुलिस ने जरूरी फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए हैं। जांच टीम परिवार के सदस्यों, पड़ोसियों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना से पहले परिवार की स्थिति कैसी थी और किन परिस्थितियों में यह घटना हुई।
नौसेना ने बताया दुखद घटना
भारतीय नौसेना ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि कोलाबा के नेवी नगर में एक नौसैनिक अपने परिवार के साथ 15 अगस्त को आवास पर मृत पाए गए। नौसेना के अनुसार, मामले की जांच पुलिस कर रही है और जांच में नौसेना की ओर से हरसंभव सहयोग दिया जा रहा है।



