धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में सरदारपुर के भोपावर चौकी के पास सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे सूरत से कानपुर जा रही यात्री बस में अचानक भीषण आग लग गई। बस से धुआं निकलता देख चालक ने वाहन रोक दिया और मौके से भाग निकला। आग फैलते ही बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों ने दरवाजे से बाहर निकलकर जान बचाई, जबकि कुछ यात्रियों को खिड़कियों के कांच तोड़कर बस से बाहर निकलना पड़ा। हादसे में कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आईं, जबकि कई यात्रियों का सामान जलकर राख हो गया।
बस में धुआं भरते ही मची अफरा-तफरी
यात्रियों के अनुसार बस क्रमांक यूपी 83 बीटी 3947 सूरत समेत गुजरात के अलग-अलग स्थानों से यात्रियों को लेकर कानपुर जा रही थी। यात्रियों ने बताया कि गुजरात के दाहोद के पास एक होटल में बस को करीब चार घंटे रोका गया था। इस दौरान बस में कुछ काम भी करवाया गया। इसके बाद बस को आगे रवाना किया गया था।
कानपुर निवासी नीलम पाल ने बताया कि वह अपने आठ वर्षीय बेटे के साथ गांव जा रही थीं। अचानक बस के अंदर धुआं भरने लगा। देखते ही देखते स्थिति गंभीर हो गई। उन्होंने पहले अपने बेटे को खिड़की से बाहर निकाला और फिर खुद भी किसी तरह बस से बाहर निकलकर जान बचाई। आग में उनका बैग भी जल गया। बैग में रुपये, चांदी की पायजेब, कपड़े और अन्य जरूरी सामान रखा था। दूसरे यात्रियों ने भी आग के बीच जान बचाने के दौरान हुई परेशानी और सामान जलने की जानकारी दी।
पुलिस और अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा
घटना की सूचना मिलते ही सरदारपुर एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार और थाना प्रभारी अनिल जाधव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आग के कारण मार्ग के एक हिस्से में यातायात रोक दिया गया और वाहनों को दूसरी ओर से निकाला गया। कुछ ही देर में अग्निशमन वाहन और एंबुलेंस भी मौके पर पहुंच गए। हालांकि तब तक बस काफी हद तक जल चुकी थी। अग्निशमन दल ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हादसे में घायल यात्रियों को उपचार के लिए भेजा गया। सरदारपुर एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार ने बताया कि इंदौर की ओर जाने वाली यात्री बसों को रुकवाकर यात्रियों को उनकी आवश्यकता और गंतव्य के अनुसार दूसरी बसों में बैठाकर आगे भेजने की व्यवस्था की गई। हादसे के कारण कुछ समय तक मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।



