Homeखेलदलीप ट्रॉफी में नॉर्थ जोन सेमीफाइनल में, वेस्ट जोन को 52 रन...

दलीप ट्रॉफी में नॉर्थ जोन सेमीफाइनल में, वेस्ट जोन को 52 रन से हराया

बेंगलुरु। जम्मू-कश्मीर के बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर आबिद मुश्ताक की शानदार गेंदबाजी के दम पर नॉर्थ जोन ने दलीप ट्रॉफी 2026 के क्वार्टर फाइनल में रुतुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली वेस्ट जोन को 52 रन से हरा दिया। बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खेले गए मुकाबले में नॉर्थ जोन ने पहली पारी में 251 और दूसरी पारी में 222 रन बनाए। जवाब में वेस्ट जोन की टीम 187 और 234 रन ही बना सकी। इस जीत के साथ नॉर्थ जोन ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है, जहां उसका सामना साउथ जोन से होगा।

नॉर्थ जोन ने वेस्ट जोन के सामने जीत के लिए 287 रन का लक्ष्य रखा था। टर्न ले रही पिच पर लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्ट जोन की टीम ने चौथे दिन का खेल खत्म होने तक सात विकेट पर 220 रन बना लिए थे। आखिरी दिन उसे जीत के लिए 67 रन की जरूरत थी, जबकि नॉर्थ जोन को केवल तीन विकेट हासिल करने थे। नॉर्थ जोन ने महज 6.3 ओवर में बाकी तीन विकेट चटकाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

आबिद मुश्ताक ने बरपाया कहर

नॉर्थ जोन की जीत के सबसे बड़े नायक आबिद मुश्ताक रहे। उन्होंने मैच में कुल 99 रन देकर नौ विकेट झटके और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। लाल मिट्टी वाली पिच पर स्पिन गेंदबाजों को काफी मदद मिली और मुकाबले में स्पिनरों ने कुल 25 विकेट हासिल किए। मुश्ताक ने निर्णायक समय पर विकेट निकालकर नॉर्थ जोन की जीत सुनिश्चित की।

आखिरी दिन उन्होंने तनुष कोटियन को आउट किया और इसके बाद तुषार देशपांडे को भी पवेलियन भेज दिया। इसके बाद सिंधु ने उर्विल पटेल को आउट कर वेस्ट जोन की पारी 234 रन पर समेट दी।

गायकवाड़-मुशीर की साझेदारी के बाद पलटा मैच

मुकाबले में वेस्ट जोन के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ का रन आउट होना निर्णायक मोड़ साबित हुआ। गायकवाड़ ने 70 गेंदों पर 66 रन बनाए और मुशीर खान के साथ 111 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। उस समय वेस्ट जोन का स्कोर तीन विकेट पर 195 रन था और टीम मजबूत स्थिति में नजर आ रही थी।

हालांकि, इसके बाद वेस्ट जोन की पारी अचानक लड़खड़ा गई। गायकवाड़ और मुशीर खान समेत टीम ने चार विकेट सात ओवर से भी कम समय में सिर्फ 25 रन जोड़कर गंवा दिए। नॉर्थ जोन के गेंदबाजों ने इसके बाद दबाव बनाए रखा और वेस्ट जोन को लक्ष्य तक पहुंचने नहीं दिया।

30 अगस्त से होंगे सेमीफाइनल

नॉर्थ जोन का सेमीफाइनल में सामना साउथ जोन से होगा। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में ईस्ट जोन का मुकाबला मौजूदा चैंपियन सेंट्रल जोन से होगा। ईस्ट जोन ने अपने क्वार्टर फाइनल में नॉर्थ ईस्ट जोन को हराकर अंतिम चार में जगह बनाई है। दोनों सेमीफाइनल मुकाबले 30 अगस्त से बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खेले जाएंगे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments