2006 से बंद पड़े डकरा खलारी के केंद्रीय विद्यालय में अगले सत्र से शुरू होगी पढ़ाई : संजय सेठ

रांची। नवरात्र पर डकरा खलारी क्षेत्र को रक्षा राज्य मंत्री सह स्थानीय सांसद संजय सेठ ने सौगात दी है। वर्ष 2006 से बंद पड़े केंद्रीय विद्यालय एक बार पुन आरंभ होने वाला है। आने वाले सत्र 2025-26 से यहां पढ़ाई भी शुरू हो जाएगी। इस आशय की जानकारी रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने सोमवार को दी।

सेठ ने कहा कि डकरा खलारी का केंद्रीय विद्यालय पुनः आरंभ हो। यहां के बच्चों को अच्छी शैक्षणिक व्यवस्था, अच्छा शैक्षणिक माहौल मिल सके, इस दिशा में उनका प्रयास सांसद बनने के साथ ही 2019 से जारी था। कोयला मंत्रालय और शिक्षा मंत्रालय के साथ लगातार समन्वय के बाद अब सुखद परिणाम सामने आया है। सीसीएल के जरिये पुनः उस केंद्रीय विद्यालय को आरंभ करने का प्रस्ताव दिया गया, जिसे शिक्षा मंत्रालय ने स्वीकार कर लिया है। इसे आरंभ करने की स्वीकृति भी दे दी है। शैक्षणिक क्षेत्र 2025-26 से इस विद्यालय में नामांकन और पढ़ाई शुरू हो जाएगी।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में केंद्रीय विद्यालय के पुराने भवन को ही जीर्णोद्धार किया जाएगा। इस भवन को बेहतर स्थिति में बनाकर विद्यालय का पठन पाठन का कार्य आरंभ किया जाएगा। इसके बाद बहुत जल्द नया भवन भी तैयार होगा। इसकी भी स्वीकृति मिल चुकी है। नया भवन बिल्कुल अत्याधुनिक होगा, जहां बच्चों के लिए कई सुविधाएं मौजूद होंगी। सेठ ने कहा कि यहां केंद्रीय विद्यालय के आरंभ होने से क्षेत्र के कामगारों ग्रामीण नागरिकों के बच्चों को बेहतर शिक्षा व्यवस्था मिल सकेगी।

केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री की इस पहल और प्रयास के धरातल पर उतरने से क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं और नागरिकों में हर्ष है। क्षेत्र के लोगों ने रक्षा राज्य मंत्री सह स्थानीय सांसद संजय सेठ के प्रति कृतज्ञता प्रकट की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *