शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी में रविवार को अदाणी समूह के लगभग 2,500 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित होने वाले अत्याधुनिक डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शिलान्यास किया जाएगा। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस महत्वाकांक्षी परियोजना की आधारशिला रखेंगे।
रोजगार और रक्षा उत्पादन को मिलेगा बढ़ावा
जनसंपर्क अधिकारी प्रियंका शर्मा ने बताया कि यह परियोजना प्रधानमंत्री के ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘मेक इन इंडिया’ अभियान के साथ-साथ राज्य सरकार के औद्योगिक विकास के विजन को नई गति देगी। प्लांट के शुरू होने से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलने के साथ ही क्षेत्र के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) को रक्षा उत्पादन की सप्लाई चेन से जुड़ने का अवसर भी मिलेगा।
211 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात
शिवपुरी के स्थानीय पोलो ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जिले के 211.29 करोड़ रुपये लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दोपहर 2:10 बजे ग्वालियर से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर 2:40 बजे शिवपुरी पहुंचेंगे। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वह हेलीकॉप्टर से ग्वालियर लौट जाएंगे।
