Homeझारखंडपलामू में हाइवा ने मोपेड सवार बुजुर्ग दंपति को रौंदा

पलामू में हाइवा ने मोपेड सवार बुजुर्ग दंपति को रौंदा

पलामू : जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के तेलमरवा घाटी में शुक्रवार की सुबह रमकंडा-डालटनगंज मुख्य मार्ग पर अज्ञात हाइवा के रौंदने से मोपेड सवार बुजुर्ग दंपति की मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोग उग्र हो गए और मुख्य सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंचे चैनपुर बीडीओ नीतीश भाष्कर और अंचलाधिकारी चन्द्रशेखर कुणाल ने मुआवजा और कार्रवाई का आश्वासन देकर करीब पांच घंटे बाद सड़क से जाम हटवाया।

मृत दंपति की पहचान गढ़वा जिले के रमकंडा थाना क्षेत्र के रोहड़ा गांव निवासी 60 वर्षीय महावीर साव और उनकी पत्नी 55 वर्षीय कौशल्या देवी के रूप में की गयी है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि दोनों पति-पत्नी इलाज कराने रांची गये हुए थे। रांची से शुक्रवार की सुबह पांच बजे मोपेड से रमकंडा लौट रहे थे।

इसी दौरान तेलमरवा घाटी के पास तेज गति हाइवा उन्हें रौंद दिया। घटना में मोपेड के परखच्चे उड़ गए। स्थानीय लोगों ने क्षत-विक्षत शवों को देखकर इसकी सूचना रामगढ़ पुलिस को दी। बताया जाता है कि बुजुर्ग दंपति ही घर पर रहते थे। परिवार के अन्य सदस्य बेटा-बहू सब छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में रहते हैं।

सड़क जाम कर रहे लोगों ने इस रोड पर हाइवा के परिचालन पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस रोड पर आये दिन लगातार हाइवा के तेज गति से चलने के कारण दुर्घटनाएं होती रहती है। अब तक कई लोगों की जान जा चुकी है। इस पर रोक लगाने की जरूरत है। पुलिस की मनमानी के खिलाफ भी बीडीओ-सीओ से शिकायत की गयी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments