भुवनेश्वर : ओडिशा के कलाहांडी जिले के मदनपुर रामपुर क्षेत्र अंतर्गत गौड़ कार्लाखुंटा गांव में मंगलवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहाँ एक निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक के अंदर दम घुटने से छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। मदनपुर रामपुर पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शवों को कब्जे में लिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
मृतकों में पिता-पुत्र भी शामिल
इस भीषण हादसे में जान गंवाने वाले छह लोगों की पहचान निमाई चरण पाल (पिता गंगाधर पाल), उनके पुत्र आकाश पाल, आदल माझी (पिता विष्णु माझी), बैकुंठ जाल (पिता मधु जाल), मनोरंजन हाथी (पिता धनसागर हाथी) और छांद जाल (पिता बलदेव जाल) के रूप में की गई है। एक ही गांव के छह लोगों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी बनी काल
स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक के अंदर लगे सेंट्रिंग (लकड़ी-लोहे का ढांचा) को हटाने के लिए कुछ मजदूर टैंक के भीतर उतरे थे। इसी दौरान टैंक के गहरे बंद हिस्से में बनी अत्यधिक जहरीली गैस और ऑक्सीजन की भारी कमी के कारण वे तुरंत बेहोश हो गए। उन्हें तड़पता देख और बचाने के प्रयास में एक के बाद एक अन्य लोग भी टैंक में उतरते चले गए, लेकिन वे भी दम घुटने से अचेत हो गए। स्थानीय ग्रामीणों और प्रशासन ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी को बाहर निकाला और मदनपुर रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता
कलाहांडी के इस दर्दनाक हादसे पर राज्य के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गहरा दुख और शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करते हुए मुख्यमंत्री राहत कोष (CMRF) से प्रत्येक मृतक के निकटतम आश्रित को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि देने की तत्काल घोषणा की है। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) द्वारा जारी बयान में कहा गया कि यह घटना अत्यंत पीड़ादायक है और राज्य सरकार इस संकट की घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।
