अमरीका-इजरायल के अलावा अन्य देशों के जहाजों को होर्मुज से निकलने देंगे : पेजेशकियान

तेहरान। ईरान ने अमरीका और इज़रायल को छोड़कर अन्य देशों के जहाजों को होर्मुज़ जलडमरूमध्य से गुज़रने की अनुमति देने के लिए कई कदम उठाए हैं। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियान के कार्यालय ने यह जानकारी दी है। पेजेशकियान ने सोमवार को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ के साथ हुई फोन वार्ता में कहा, “किसी भी सूरत में, ईरान ने इस जलमार्ग से जहाज़ों के पार होने के लिए सुरक्षा एवं रक्षा के इंतजाम किए गए हैं। शत्रु देशों को छोड़कर अन्य देशों के जहाजों को इस रास्ते से गुज़रने के लिए आवश्यक सहयोग दिया जाएगा।”

उल्लेखनीय है कि अमरीका और इज़रायल ने 28 फरवरी को ईरान में कई ठिकानों पर हमले किए। इन हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्ला अली ख़ामेनेई सहित कई लोगों की मौत हुई। इसके जवाब में, ईरान ने इज़रायली क्षेत्र और पश्चिम एशिया में मौजूद अमरीकी सैन्य ठिकानों पर हमले किए। अमरीका-इजरायल के साथ संघर्ष के कारण ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद कर दिया है, जहां से पूरी दुनिया का करीब 20 प्रतिशत तेल एवं तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) होकर गुजरती है। इससे पूरी दुनिया में कच्चे तेल का निर्यात प्रभावित हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *