खैबर पख्तूनख्वा में दोहरे धमाके से दहला पाकिस्तान, 7 लोगों की मौत

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बन्नू जिले में शनिवार को हुए दोहरे बम धमाके में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मरका बेरा इलाके में आतंकियों ने रिमोट कंट्रोल के जरिए एक के बाद एक दो धमाकों को अंजाम दिया, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई।

यात्री वाहन को बनाया पहला निशाना

प्राप्त जानकारी के अनुसार पहला धमाका डोमेल की ओर जा रहे एक निजी यात्री वाहन को निशाना बनाकर किया गया। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

घायलों को ले जाते समय हुआ दूसरा धमाका

पहले धमाके के बाद राहत एवं बचाव कार्य चल रहा था और घायलों को अस्पताल ले जाया जा रहा था। इसी दौरान घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर दूसरा विस्फोट हुआ। इस धमाके में दो और लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए।

सुरक्षा बलों ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही ‘रेस्क्यू 1122’ की टीम मौके पर पहुंची और घायलों तथा मृतकों को अस्पताल पहुंचाया। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेरकर व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि क्षेत्र में और भी इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) छिपाए गए हो सकते हैं।

राष्ट्रपति जरदारी ने की निंदा

पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

बन्नू में बढ़ रही आतंकी घटनाएं

बन्नू जिला पिछले कुछ महीनों से आतंकी गतिविधियों का केंद्र बना हुआ है। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही हिंसक घटनाओं के कारण स्थानीय लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। सुरक्षा एजेंसियां हमले के पीछे शामिल आतंकियों की तलाश में जुटी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *