पलामू। पलामू जिले के हुसैनाबाद शहर स्थित जपला रेलवे स्टेशन रोड के मां दुर्गा मंदिर में बुधवार देर रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई। अज्ञात चोर मंदिर में घुसकर मां दुर्गा, मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की प्रतिमाओं से मुकुट सहित सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गया। पूरी घटना मंदिर के सामने लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
रात दो बजे के आसपास वारदात
जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार रात करीब दो बजे की है। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक बैग लेकर मंदिर के मुख्य गेट के ऊपर बने खाली स्थान से अंदर प्रवेश करता हुआ दिखाई दे रहा है। इसके बाद वह प्रतिमाओं पर चढ़े कीमती आभूषण लेकर मौके से फरार हो गया।
7 से 8 लाख रुपये के आभूषण चोरी
मंदिर के पुजारी आनंद कुमार पाण्डेय ने बताया कि बुधवार शाम नियमित पूजा-अर्चना के बाद मंदिर को बंद किया गया था। गुरुवार सुबह मंदिर का पट खुलने पर मां दुर्गा, मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की प्रतिमाओं से मुकुट सहित सभी कीमती आभूषण गायब मिले।
उन्होंने बताया कि चोरी हुए सोने-चांदी के आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 7 से 8 लाख रुपये है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही हुसैनाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित की पहचान करने में जुटी है। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में भी छानबीन की जा रही है।
