सदर अस्पताल के रक्तदान शिविर में 25 लोगों ने किया रक्तदान

खूंटी : स्थानीय सदर अस्पताल स्थित ब्लड बैंक के तत्वावधान में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस), की ओर से बहुउद्देशीय भवन तिरला सीएलएफ में शनिवार को स्वास्थ्य जांच सह रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ आनंद किशोर उरांव और जिला कार्यक्रम प्रबंधक मनीषा सांचा ने संयुक्त रूप से किया।

शिविर में विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे सखी मंडल, कर्मचारी एवं महिला समूहों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर डॉ आनंद किशोर उरांव ने कहा कि रक्तदान को महादान की श्रेणी में रखा गया है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को इस पुनीत कार्य के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने लोगों को नियमित रूप से रक्तदान के लिए प्रेरित किया।

वहीं जिला कार्यक्रम प्रबंधक मनीषा सांचा ने कहा कि जनहित में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी लगातार इस प्रकार के सामाजिक दायित्वों का निर्वहन कर रही है और भविष्य में भी प्रखंड स्तर पर ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे।

शिविर में कुल 70 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई, जिनमें से लगभग 25 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। इनमें 9 महिलाओं की ओर से रक्तदान किया जाना समाज के लिए एक प्रेरणादायक पहल माना जा रहा है।

काउंसलर निशांत झा ने रक्तदाताओं को आवश्यक परामर्श दिया। शिविर में बिनीता तिर्की, रमेश नायक, बिमल गुलशन एक्का, जयमशीह मुंडू, पुष्पा देवी, बिरंग कांडी, पास्कर कांडी सहित अन्य लोगों ने रक्तदान किया।

शिविर को सफल बनाने में रमेश नायक, चंदन, सुषमा दीवार, ब्रजबीन कुमार, विजेंद्र कुमार सहित कई लोगों का सराहनीय योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *