पूर्वी सिंहभूम। झारखंड के शहीद काली पदो भुईयां की स्मृति में आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का शनिवार रात उत्साह और रोमांच के बीच समापन हुआ। अखिल भारतीय भुईयां समाज कल्याण समिति और सेंट्रल भीम बिरसा मुंडा फुटबॉल अकादमी के संयुक्त आयोजन में 14 और 15 अगस्त को प्रतियोगिता हुई। इसमें ग्रामीण और शहरी इलाकों की 32 टीमों ने भाग लिया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों को रोमांचक मुकाबलों का आनंद दिया।
अप्रत बॉयज क्लब बागुनहातू बना विजेता
प्रतियोगिता में अप्रित बॉयज क्लब बागुनहातू ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। मानीया स्पोर्टिंग क्लब पुराना सीतारामडेरा की टीम दूसरे स्थान पर रही। जगन्नाथ एफसी क्लब भीम आश्रम वर्मामाइंस ने तीसरा और भुईयां समाज सीतारामडेरा ने चौथा स्थान हासिल किया। विजेता टीमों को पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
प्रथम स्थान प्राप्त टीम को 11 साइकिल, दूसरे स्थान की टीम को नौ, तीसरे स्थान की टीम को सात और चौथे स्थान पर रही टीम को चार साइकिल प्रदान की गईं। इसके अलावा खिलाड़ियों को जर्सी, शील्ड और ट्रॉफी देकर भी सम्मानित किया गया। जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें पुरस्कार प्रदान किए।
खेल से अनुशासन और नेतृत्व की भावना विकसित होती है
समापन समारोह को संबोधित करते हुए आयोजन समिति के मुख्य संरक्षक और पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन के साथ नेतृत्व क्षमता और आपसी भाईचारे की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
समिति के अध्यक्ष और झारखंड उच्च न्यायालय, रांची के अधिवक्ता बिप्लव भुईयां ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मैन ऑफ द मैच, बेस्ट गोलकीपर सहित विभिन्न व्यक्तिगत पुरस्कार भी दिए गए।
समापन समारोह में निमाई मंडल, कुंज विभार, रविन्द्र भट्टाचार्य, दीपक मंडल, भोला सिंह, धीरेन्द्र सिंह, राकेश भुईयां, मन्नू मंडल, चैतन मुखी, राहुल साव, कमल राम यादव, राज भुईयां, निरंजन तांती, लखी भुईयां, शिबू नामता, जोनी भुईयां, विक्की भुईयां, महावीर राम, श्याम पदो भुईयां, सुखदेव भुईयां, धोनी भुईयां, शंकर करुआ, बैजू साव, हाथी नामता, मंगल नायक, सुनील दास, मिथलेश कुमार, आशीष भुईयां, सोनू दास और नारायण श्यामल सहित समिति के सदस्य, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।
आयोजन समिति ने प्रतियोगिता के सफल संचालन में सहयोग करने वाले निर्णायकों, सहायक निर्णायकों, खेल पदाधिकारियों और स्थानीय सहयोगियों के प्रति भी आभार जताया।



