Homeअन्तर्राष्ट्रीयमुर्मु और राधाकृष्णन ने देशवासियों को दी दीपावली की शुभकामनाएं

मुर्मु और राधाकृष्णन ने देशवासियों को दी दीपावली की शुभकामनाएं

नई दिल्ली : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उप राष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन ने दीपावली की पूर्व संध्या पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।
श्रीमती मुर्मु ने एक संदेश में कहा, ” दीपावली के पावन अवसर पर मैं भारत और दुनिया भर में सभी भारतीयों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाए देती हूं। भारत के सबसे लोकप्रिय त्योहारों में से एक दीपावली बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाई जाती है। यह त्योहार अंधकार पर प्रकाश, अज्ञान पर ज्ञान और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। पूरे देश में अपार उत्साह के साथ मनाया जाने वाला दीपावली का यह पावन पर्व आपसी स्नेह और भाईचारे का संदेश देता है। इस दिन भक्त देवी लक्ष्मी की पूजा करते हैं जो धन और समृद्धि की देवी हैं।”
उन्होंने कहा,” खुशी का यह त्योहार आत्म-चिंतन और आत्म-सुधार का भी अवसर है। यह त्योहार वंचितों और ज़रूरतमंदों की मदद और समर्थन करने तथा उनके जीवन में खुशियां लाने का भी अवसर है। मैं सभी से सुरक्षित, ज़िम्मेदारीपूर्ण और पर्यावरण-अनुकूल तरीके से दिवाली मनाने का आग्रह करती हूं। यह दीपावली सभी के लिए सुख, शांति और समृद्धि लाए।
श्री राधाकृष्णन ने अपने संदेश में कहा , ” दीपावली के शुभ अवसर पर मैं देश-विदेश में रहनेवाले सभी भारतीयों और भारत के मित्रों को हार्दिकबधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं। दीपावली बुराई पर अच्छाई और अज्ञान पर ज्ञान की विजय का उत्सव है। दीपावली के अवसर पर उदारता, दान और समावेशिता के मूल्य – जो हमारी सभ्यतागत परंपराओं में गहराई से समाए हुए हैं – और भी स्पष्ट रूप से प्रकट होते हैं जब हम ज़रूरतमंदों और वंचित वर्गों के प्रति अपना सहयोग और समर्थन साझा करते हैं।”
उन्होंने कहा ,” इस वर्ष जब हम दीपावली मना रहे हैं आइए हम सभी नकारात्मकता और अधर्म को त्याग दें तथा सकारात्मकता और धर्म को अपनाएं – न केवल अपने व्यक्तिगत लाभ के लिए, बल्कि राष्ट्र की समग्र प्रगति के लिए भी। जिस प्रकार इस त्यौहार पर हर घर में सामूहिक रूप से जलाए गए दीये रात के आसमान को रोशन करते हैं, उसी प्रकार हमारी लगन और प्रतिबद्धता भारत के सामूहिक विकास में सहायक हो।
मैं देवी लक्ष्मी से प्रार्थना करता हूं कि हम सभी पर शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य का आशीर्वाद बरसाएं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments