HomeBreaking Newsईरान के केशम द्वीप के आसपास धमाके, होर्मुज जलडमरूमध्य में हालात फिर...

ईरान के केशम द्वीप के आसपास धमाके, होर्मुज जलडमरूमध्य में हालात फिर नाजुक

तेहरान/वाशिंगटन। ईरान के केशम द्वीप के आसपास हुए ताजा धमाकों के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य में हालात एक बार फिर तनावपूर्ण हो गए हैं। इन धमाकों को तेहरान के लिए एक कड़े संदेश के रूप में देखा जा रहा है। इसी बीच ईरान दुश्मन देशों के जहाजों पर रोक लगाने के लिए नया विधेयक तैयार कर रहा है। ईरानी संसद ने होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण मजबूत करने के उद्देश्य से प्रस्तावित विधेयक पर चर्चा की है। प्रस्ताव के अनुसार अमेरिका और इजराइल जैसे देशों के जहाजों के इस रणनीतिक जलमार्ग से गुजरने पर रोक लगाई जा सकती है। नियम का उल्लंघन करने वाले जहाजों पर जुर्माना लगाने का भी प्रावधान रखा गया है।

गल्फ न्यूज और अल जजीरा की रिपोर्ट में ईरान की समाचार एजेंसी तस्नीम के हवाले से यह जानकारी दी गई है। इस बीच ईरानी संसद के अध्यक्ष और मुख्य वार्ताकार मोहम्मद बागेर गालिबफ ने सामाजिक माध्यम पर ईरान और अमेरिका के बीच भरोसे की कमी को लेकर फिर टिप्पणी की है। उन्होंने आरोप लगाया कि वाशिंगटन एक ओर सैन्य धमकियां देता है और दूसरी ओर कूटनीति की बात करता है। वहीं, ईरान के खुफिया मंत्रालय ने किरमान प्रांत में इजराइल की खुफिया एजेंसी मोसाद के लिए काम करने के आरोप में 21 लोगों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।

होर्मोजगन प्रांत में दो धमाके, जांच शुरू

रिपोर्ट के अनुसार गुरुवार रात ईरान के होर्मोजगन प्रांत स्थित दक्षिणी केशम द्वीप पर दो धमाके हुए। यह धमाके होर्मुज जलडमरूमध्य के प्रवेश द्वार के पास हुए, जिससे पूरे क्षेत्र में सुरक्षा चिंताएं बढ़ गई हैं। बताया गया है कि इससे पहले ईरानी सशस्त्र बलों की दुश्मन सेना के साथ मुठभेड़ भी हुई थी। होर्मोजगन के राजनीतिक, सुरक्षा और सामाजिक मामलों के उप-गवर्नर अहमद नफीसी ने कहा कि धमाकों के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

इससे पहले गुरुवार दिन में सऊदी अरब के अल-हदाथ और अल-अरबिया समाचार चैनलों ने खबर दी थी कि ईरान और ओमान के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को 60 दिनों के लिए फिर से खोलने के समझौते की रूपरेखा पर सहमति बन गई है। चीन की शिन्हुआ समाचार एजेंसी के अनुसार इस समझौते को अभी ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की मंजूरी मिलनी बाकी है।

समझौते के प्रारूप के अनुसार होर्मुज जलडमरूमध्य में प्रवेश करने वाले जहाज ईरान के निकट वाले मार्ग का उपयोग करेंगे, जबकि बाहर निकलने वाले जहाज ओमान के निकट वाले मार्ग से गुजरेंगे। इन जहाजों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। परिषद की मंजूरी मिलने के बाद अमेरिका और ईरान शांति समझौते की दिशा में आगे बढ़ते हुए होर्मुज जलडमरूमध्य से वाणिज्यिक जहाजों की सुरक्षित आवाजाही और जलमार्ग को फिर से खोलने की घोषणा कर सकते हैं।

सूत्रों के अनुसार ईरान और अमेरिका के बीच मध्यस्थों के माध्यम से संपर्क लगातार बना हुआ है और बातचीत अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी उम्मीद जताई है कि ईरान के साथ चल रहा तनाव और संघर्ष जल्द समाप्त हो सकता है। इस बीच ईरान ने तेहरान समेत कई संवेदनशील क्षेत्रों में आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments