Homeझारखंड"वोट चोर गद्दी छोड़" रैली में झारखंड से पांच हजार कार्यकर्ता लेंगे...

“वोट चोर गद्दी छोड़” रैली में झारखंड से पांच हजार कार्यकर्ता लेंगे भाग

रांची। केशव महतो कमलेश ने कहा कि पिछले वर्ष समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए राज्य की गठबंधन सरकार ने ‘आपकी सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम की शुरुआत की थी, जिसकी पूरे देश में सराहना हुई। लोक सेवा अधिनियम, 2011, जो पहले मध्य प्रदेश और फिर राजस्थान व झारखंड में एक साथ पारित हुआ, सार्वजनिक कार्यों को एक निश्चित समय-सीमा में पूरा करने की गारंटी देता है। इसमें समय-सीमा पूरी न होने पर दंड का भी प्रावधान है। उन्होंने कहा कि अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप सरकार 21 से 28 नवम्बर तक सेवा का अधिकार सप्ताह मना रही है। इसके लिए मुख्यमंत्री बधाई के पात्र हैं, जिनके नेतृत्व में राज्य सरकार जन-जन तक पहुंच रही है। उन्होंने सभी वार्ड एवं मंडल अध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे इस ‘सेवा का अधिकार सप्ताह’ के तहत जन समस्याओं के समाधान के लिए पहल करें। इस अवसर पर कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व ने इस देश के लोकतंत्र, संविधान और आम लोगों के मताधिकार की रक्षा के लिए जो लड़ाई शुरू की है, उसकी सफलता के लिए हम संघर्ष करते रहेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लूटतंत्र के ज़रिए अपना वर्चस्व स्थापित करना चाहती है, जिसका हम विरोध करते हैं। कभी वोट चुराकर, कभी वोटर लिस्ट से मतदाताओं के नाम कटवाकर, तो कभी विधायकों की खरीद-फरोख्त करके, भाजपा सरकार बनाती है। इस चोरी के विरोध में दिल्ली में होने वाली रैली में संविधान, लोकतंत्र और मतदान के अधिकार में विश्वास रखने वाले लोग शामिल होंगे। यह रैली सुनिश्चित करेगी कि यह देश लोकतांत्रिक व्यवस्था से चले। कांग्रेस 14 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में विशाल रैली करेगी। इस रैली में झारखंड के विभिन्न प्रमंडलों से 5,000 से अधिक कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता भाग लेंगे। झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने रविवार को कांग्रेस भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में ये बातें कहीं। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश भर के जिला अध्यक्षों को रैली में भाग लेने वाले कार्यकर्ताओं की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। रैली का विभिन्न संचार माध्यमों से प्रचार-प्रसार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश में वोट चोरी करके सरकारें बनाई जा रही हैं, चुनाव आयोग ने सरकार के इशारे पर पूरी चुनावी प्रक्रिया की गरिमा को दांव पर लगा दिया है, इसलिए लोकतंत्र को बचाने के लिए हमें जनता की आवाज को बुलंद रखना होगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments