विपक्ष के हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही पूरे दिन के लिए स्थगित, “स्पीकर बोले— विपक्षी सदस्यों के व्यवहार के कारण सदन में दुर्लभ दृश्य देखने को मिल रहे हैं

नयी दिल्ली लोकसभा में गुरुवार को भी विपक्षी सदस्यों की नारेबाजी जारी रही जिसके कारण सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई।

तीन बार स्थगन के बाद सदन की कार्यवाही दोपहर तीन बजे शुरु होते ही विपक्षी सदस्य फिर से नारेबाजी करने लगे। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने हंगामे के बीच कहा कि बड़े दुख के साथ सभा को सूचित करना है कि कल कुछ सदस्यों ने जिस प्रकार का व्यवहार किया और ऐसे दृश्यों का सृजन किया, वह लोकसभा के शुरुआत से लेकर आज तक आज तक कभी नहीं हुआ। संसदीय प्रणाली में सदन के सभापति का गरिमामय स्थान हमारे संविधान में सृजित किया गया है। विपक्ष के सदस्यों ने जो व्यवहार सदन कार्यालय में किया वह हमारी संसदीय परंपराओं के लिए उचित नहीं था और वह एक काले धब्बे के समान था। सभी को सदन चलाने में सुचारू रूप से चलाने में सहयोग करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जब सदन के नेता को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देना था तो हमारे पास ऐसी पुख्ता जानकारी आयी कि कांग्रेस के कई सदस्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आसन के पास आकर कोई भी अप्रत्याशित घटना कर सकते थे। अगर इस प्रकार की घटना हो जाती तो यह अत्यंत अप्रिय दृश्य होता और देश के लोकतांत्रिक परंपराओं को तार-तार कर देता। अध्यक्ष ने कहा, ‘इसको टालने के लिए हमने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि उन्हें सदन में नहीं आना चाहिए। सदन के सभापति होने के नाते हमारी जिम्मेदारी थी कि सदन की गरिमा को अक्षुण्ण बनाये रखा जाये। नेता सदन, सदन ने अपनी बात नहीं रखी यह किसी भी प्रकार उचित नहीं है। सदन के नेता ने उपस्थित न रहने के मेरे आग्रह को मान कर सदन को अप्रिय दृश्य से बचाया। इसके लिए प्रधान मंत्री का आभार व्यक्त करते हैं।’

लोकसभाध्यक्ष ने कहा कि सदस्य पोस्टर लेकर आयेंगे तो सदन नहीं चलेगा। सदन में कल की घटना देश ने देखा है किस प्रकार महिला सदस्य सत्ता पक्ष के आसन तक पहुंची थी। विपक्षी सदस्यों का हंगामा बढते देख कर श्री बिरला ने सदन की कार्यवाही को दिनभर के लिए स्थगित कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *