कोडरमा। जिले के चंदवारा थाना क्षेत्र में अवैध मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। चंदवारा पश्चिमी पंचायत के मोहगांव स्थित भुइयां टोला में एक मुर्गी फार्म के बगल के मकान में यह फैक्ट्री संचालित हो रही थी। चंदवारा पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। यह मकान चंदवारा निवासी पीयूष पांडेय का है।
पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में नकली शराब, शराब बनाने में प्रयुक्त होने वाले केमिकल, खाली बोतलें, ढक्कन और झारखंड सरकार के उत्पाद विभाग के स्टीकर बरामद किए हैं। कोडरमा पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह को मोहगांव क्षेत्र में नकली शराब फैक्ट्री चलने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद चंदवारा थाना प्रभारी शशि भूषण कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें तकनीकी शाखा के जवान भी शामिल थे।
बुधवार दोपहर करीब दो बजे टीम ने मोहगांव गांव के भुइयां टोला स्थित मकान पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान एक पुराने मकान में चल रही मिनी शराब फैक्ट्री का पर्दाफाश हुआ। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब और उसे बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए। मौके से दो लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
छापेमारी के बाद पुलिस शराब की बोतलें और उपकरण लेकर थाने पहुंची। पुलिस फिलहाल इस मामले में अधिक जानकारी देने से बच रही है। बताया गया है कि इस मिनी फैक्ट्री में आठ अलग-अलग ब्रांड की अंग्रेजी शराब तैयार की जाती थी। पुलिस अब इस मामले के मुख्य सरगना की तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार, मिनी शराब फैक्ट्री को संचालित करने वाला मुख्य सरगना जल्द ही गिरफ्त में होगा। इसके पहले भी चंदवारा पुलिस ने मार्च 2024 में थाना क्षेत्र के चिलोडीह में मिनी शराब फैक्ट्री का खुलासा किया था।
