झारखंड में JMM ,BJP के साथ मिलकर बनाएगी सरकार ! पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी के दावे से सियासत में भूचाल

पलामू ; झारखंड में हो रहे निकाय चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है. यह चुनाव दलगत नहीं होने के बावजूद सभी दलों ने अपने-अपने खिलाड़ी चुन रखे हैं. विधानसभा चुनाव के बाद शहरों की सत्ता में अपने प्रतिनिधि बिठाने के लिए हर दल ने अपनी पूरी ताकत झोंक रखी है. इस बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी के दावे ने प्रदेश की सियासत में भूचाल ला दिया है. दरअसल, केएन त्रिपाठी ने राज्य की सत्ता में बड़ा फेरबदल होने का दावा किया है. उनका कहना है कि निकाय चुनाव के बाद प्रदेश में बीजेपी और जेएमएम के बीच गठबंधन हो जाएगा और प्रदेश में एनडीए की सरकार बनेगी. पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी ने दावा किया किया कि जेएमएम हमेशा से बीजेपी से संपर्क में रहती है और जब भी कमजोर होती है, तो कांग्रेस के साथ मिलकर सत्ता में आती है। जेएमएम ने पहले अर्जुन मुंडा के साथ मिलकर सरकार बनाई, फिर कांग्रेस के साथ आ गई। इसके बाद पावर में आकर जब मजबूत हुई, तो फिर कांग्रेस का साथ छोड़ कर अलग हो गई। अब सत्ता की ताकत में खुद को मजबूत करने बाद जेएमएम एक बार फिर बीजेपी से हाथ मिलाने की कोशिश कर रही है। दरअसल पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी डालटनगंज के विधायक रहे हैं। इस बार निकाय चुनाव में मेदिनीनगर सीट के लिए मेयर पद पर उनकी बेटी नम्रता त्रिपाठी चुनाव मैदान में है। जबकि सरकार में शामिल जेएमएम की ओर से मेदिनीनगर नगर निगम चुनाव में मेयर पद की प्रत्याशी पूनम सिंह को समर्थन दिया जा रहा है। इससे केएन त्रिपाठी जेएमएम से नाराज चल रहे हैं और लगातार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर निशाना साध रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *