देवघर। महाशिवरात्रि के अवसर पर बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर में पर्यटन विभाग की ओर से निकाली जाने वाली भव्य शिव बारात के लिए देवघर शहर तैयार है।
भव्य शिव बारात के लिए सम्पूर्ण मेला क्षेत्र और देवघर शहर में रंग-बिरंगे स्पाईरल लाईट से सुसज्जित विद्युत पोल की सुंदरता परस्पर लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर रही है।
सिर्फ इतना हीं नहीं इसकी सुंदरता रात्रि के समय देखने से ऐसा लगता है मानो किसी समारोह या उत्सव में पहुंचे हों।
इसके अलावा बाबा मंदिर के सभी मंदिरों के अलावा मंदिर परिसर और आस-पास के क्षेत्रों के अलावा सम्पूर्ण शिव बारात रुटलाइन और देवघर शहर के अन्य जगहों पर इन लाईटों को जगमगाते हुए आसानी से देखा जा सकता है।
जिला प्रशासन की ओर से महाशिवरात्रि और शिवबारात के अवसर पर इन लाईटों को लगाने का उद्देश्य यहां आए श्रद्धालुओं को सुखद अनुभूति देना है, ताकि यहां के साज-सज्जा और सुन्दरता उनके मानस पटल में अविस्मरणीय रूप से लम्बे समय तक अंकित रह सके। महाशिवरात्रि को शाम 06 बजे बाबा भोलेनाथ की बरात केके स्टेडियम से निकलेगी जो बजरंगी चौक, टावर चौक, आजाद चौक, भैरो बाजार, नरसिंह टॉकीज रोड, शिक्षा सभा,चांदनी चौक, बैद्यनाथ लेन होते हुए पूरब दरवाजा से मंदिर में प्रवेश करेगी। साथ ही बाबा के बारात में भूत-पिशाच, दैत्य, राक्षस के अलावा देवताओं की टोली शामिल रहेगी।
