गोला में बियर से लदा ट्रक पलटा, केन उठाने वालों की लगी भीड़

सुजीत सिन्हा की रिपोर्ट

रामगढ़। जिले के गोला थाना क्षेत्र स्थित संधवै घाटी में गुरुवार सुबह बियर से लदा एक एलपी ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में चालक बाल-बाल बच गया, लेकिन ट्रक में लदी बड़ी संख्या में बियर की केन क्षतिग्रस्त हो गईं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ लोग ट्रक से बाहर गिरी बियर की केन उठाकर ले गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

भीड़ को हटाया, बची खेप की सुरक्षा में तैनात किए जवान

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीरों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। ट्रक से बाहर गिरी कई बियर की केन कुछ लोग अपने साथ ले गए। भीड़ बढ़ने पर स्थिति बिगड़ने की आशंका के बीच गोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को वहां से हटाया।

इसके बाद ट्रक में बची हुई बियर की सुरक्षा के लिए पुलिस ने पैंथर जवानों और चौकीदारों की तैनाती कर दी। पुलिस की निगरानी में पूरे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था संभाली गई, ताकि शेष माल को कोई नुकसान न पहुंचे।

1400 पेटी बियर लेकर हजारीबाग जा रहा था ट्रक

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रक में बोकारो के बालिडीह स्थित गोदाम से करीब 1400 पेटी बियर लोड की गई थी, जिसे हजारीबाग पहुंचाया जा रहा था। संधवै घाटी के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रक पलट गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हादसा चालक की लापरवाही, तेज रफ्तार या सड़क की परिस्थितियों के कारण हुआ।

घटना की सूचना मिलने पर संबंधित कंपनी के प्रतिनिधि राकेश चौहान अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की निगरानी में सुरक्षित बची बियर को दूसरे वाहन में स्थानांतरित कर हजारीबाग के लिए रवाना किया गया। वहीं, पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे में किसी के हताहत नहीं होने से राहत की बात रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *