सुपौल। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, बीरपुर की सीमा चौकी पिपराही ने 105 लीटर नेपाली शराब जब्त की है। यह कार्रवाई 15 फरवरी दोपहर को पेट्रोलिंग ड्यूटी के दौरान की गई।
कमांडेंट 45वीं वाहिनी गौरव सिंह ने बताया कि विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि तस्करों ने सीमा स्तंभ संख्या 214/41 के पास कोसी नदी के पलार क्षेत्र में रेत के अंदर अवैध सामान छिपा रखा है। सूचना की पुष्टि के बाद विशेष पेट्रोलिंग टीम गठित कर मौके पर भेजा गया।
निर्दिष्ट स्थान पर पहुंचकर जवानों ने सघन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान रेत में दबाई गई दो संदिग्ध बोरियां बरामद हुईं। जांच करने पर दोनों बोरियों से कुल 105 लीटर नेपाली शराब मिली, जिसे विधिवत जब्त कर लिया गया।
बरामद सामग्री को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रतनपुर थाना को सुपुर्द कर दिया गया है। अभियान के दौरान एसएसबी के निरीक्षक अजीत कुमार सहित अन्य जवान मौजूद रहे। 45वीं वाहिनी ने बताया कि सीमा क्षेत्र में तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा।
