बांग्लादेश की नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे ओम बिरला

नई दिल्ली : लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मंगलवार को ढाका में बंगलादेश नेशनलिस्ट पार्टी के प्रमुख तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बंगलादेश की नव निर्वाचित सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे । विदेश मंत्रालय ने रविवार को एक वक्तव्य जारी कर यह जानकारी दी।

मंत्रालय ने कहा है कि इस महत्वपूर्ण अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष की उपस्थिति भारत और बंगलादेश के लोगों के बीच गहरी और पक्की मित्रता को दिखाती है। यह दोनों देशों को जोड़ने वाले लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति भारत की दृढ़ वचनबद्धता को भी बताता है।

वक्तव्य में कहा गया है कि एक जैसे इतिहास, संस्कृति और आपसी सम्मान से जुड़े पड़ोसियों के तौर पर, भारत श्री रहमान के नेतृत्व में बंगलादेश में चुनी हुई सरकार का स्वागत करता है, जिनके दृष्टिकोण और मूल्यों को लोगों का भारी समर्थन मिला है।

उल्लेखनीय है कि बंगलादेश में हुए संसदीय चुनाव में श्री रहमान के नेतृत्व में बंगलादेश नेशनलिस्ट पार्टी को भारी बहुमत से जीत मिली है। नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह मंगलवार को होना है।

संसदीय चुनाव में श्री रहमान की पार्टी की जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्री रहमान से टेलीफोन पर बात कर उन्हें बधाई दी थी और आश्वासन दिया था कि बंगलादेश के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के उनके प्रयासों में भारत अपनी ओर से हर संभव समर्थन देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *